50 लाख की चोरी का सनसनीखेज खुलासा, पीड़ित का सगा बड़ा भाई निकला साजिश का मास्टरमाइंड

हिण्डौन सिटी में करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी का नई मंडी थाना पुलिस ने खुलासा कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि परिवादी का सगा बड़ा भाई ही पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड निकला। मामले में पुलिस की जांच और बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

Update: 2026-08-03 14:37 GMT

हिण्डौन सिटी में 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी (बाएं से दाएं) टीकम शर्मा, महेंद्र जोगी, रामप्रसाद, कन्हैया जांगिड़, शंभू दयाल सैन और मुख्य साजिशकर्ता राधेश्याम शर्मा।

हिण्डौन सिटी। नई मंडी थाना पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह रहा कि पुलिस जांच में परिवादी का सगा बड़ा भाई ही पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने बेटों के लग्न-टीका समारोह की आड़ में शातिर चोरों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिलाया।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इस दौरान करीब 200 सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा और पेट्रोल पंपों पर लगे कैमरों की गहन जांच की गई, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

जांच में सामने आया कि आरोपी लग्न-टीका समारोह में शामिल होने के बहाने पहुंचे थे। पूर्व नियोजित योजना के तहत उन्होंने सूने मकान का ताला तोड़ा और नकदी के साथ करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के लिए एक अर्टिगा कार का उपयोग किया गया था।

पुलिस ने इस मामले में टीकम शर्मा, महेंद्र जोगी, रामप्रसाद, कन्हैया जांगिड़, शंभू दयाल सैन और परिवादी के सगे भाई राधेश्याम शर्मा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है। पुलिस अब चोरी गए जेवरातों की बरामदगी के साथ मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राधेश्याम शर्मा के विरुद्ध पहले से लूट, चोरी और डकैती सहित करीब 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में अनुसंधान अधिकारी प्रहलाद सिंह और हेड कांस्टेबल जोगेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

नई मंडी थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सुनियोजित कार्रवाई के आधार पर इस चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर दिया। मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी गए जेवरातों की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Similar News