तस्वीर में एक मोबाइल फोन पर 'बिजली मित्र' ऐप और दीवार पर लगा स्मार्ट मीटर दिखाई दे रहा है, जो सुरक्षा अलर्ट और बिजली खपत की जानकारी दे रहा है। यह तस्वीर काल्पनिक है और एआई द्वारा केवल संदर्भ के लिए बनाई गई है।

जोधपुर, अगस्त 2026। स्मार्ट मीटर अब केवल बिजली की सटीक रीडिंग और बिलिंग तक सीमित नहीं रहे हैं। ये उपभोक्ताओं को रियल-टाइम बिजली खपत की जानकारी देने के साथ संभावित विद्युत खतरों की समय रहते सूचना देकर सुरक्षा और बिजली प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राजस्थान में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल), अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) और जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के साथ बिजली मित्र मोबाइल ऐप की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। ऐप में ‘माय स्मार्ट मीटर’ विकल्प पर क्लिक करके उपभोक्ता अपनी बिजली खपत का प्रति घंटे, साप्ताहिक और मासिक विवरण देख सकते हैं।

इसके साथ ही उपभोक्ताओं को रियल-टाइम मीटर रीडिंग, बिजली आपूर्ति से संबंधित अपडेट, ऊर्जा बचत के सुझाव और ऑन-डिमांड मीटर रीडिंग जैसी सुविधाएं भी मिल रही हैं। इससे बिजली सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ने के साथ उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण रखने में मदद मिल रही है।

बिजली आपूर्ति या अन्य सेवाओं से संबंधित शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति जानने की सुविधा भी बिजली मित्र ऐप के माध्यम से उपलब्ध है। ऐप के जरिए अधिकांश बिजली संबंधी सेवाएं अब मोबाइल पर उपलब्ध होंगी। इससे उपभोक्ताओं को बिजली विभाग जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उनके समय की भी बचत होगी।

स्मार्ट मीटर बिजली खपत दर्ज करने के साथ उपभोक्ताओं की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। विशेषकर मानसून के दौरान खराब वायरिंग, अर्थ लीकेज और अन्य विद्युत खराबियों से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में स्मार्ट मीटर बिजली आपूर्ति में होने वाली असामान्य गतिविधियों का पता लगाकर ऐप के माध्यम से उपभोक्ताओं को अलर्ट भेजते हैं। इससे उपभोक्ता समय रहते आवश्यक सुधार कर संभावित दुर्घटनाओं से बचाव कर सकते हैं।

अब तक 7,000 से अधिक जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) के उपभोक्ताओं को सुरक्षा संबंधी अलर्ट भेजे जा चुके हैं। इन अलर्ट के आधार पर उपभोक्ताओं ने समय रहते आवश्यक सुधार किए हैं, जिससे संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिली है।

स्मार्ट मीटर ऐप बिजली सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों और सुविधाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध करा रहा है। बिजली वितरण कंपनियों का मानना है कि स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था से बिजली सेवाएं अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता-केंद्रित बन रही हैं। इसी वजह से अब उपभोक्ताओं को भी लगने लगा है कि स्मार्ट मीटर सही है।

Tags: