झालावाड़: डग में सूदखोर के ठिकानों पर छापा, करोड़ों के वाहन और दस्तावेज जब्त
पुलिस ने सुनील गोयल के ठिकानों से 160 से अधिक वाहन और 100 से ज्यादा कृषि उपकरण बरामद कर अवैध ब्याज माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त किया।
झालावाड़ जिले के थाना डग क्षेत्र में अवैध सूदखोरी और ग्रामीणों के आर्थिक शोषण के खिलाफ पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई ने क्षेत्र में फैले ब्याज माफिया के नेटवर्क की रीढ़ पर सीधा प्रहार किया है।
पुलिस थाना डग द्वारा की गई इस कार्रवाई में आरोपी सुनील गोयल निवासी डग के ठिकानों का खुलासा करते हुए उसके मकान, नवनिर्मित गोदाम और आजाद कॉलोनी स्थित कृषि फार्म पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान सैकड़ों की संख्या में वाहन, कृषि यंत्र और बड़ी मात्रा में गिरवी रखे मकानों के पट्टे, वाहनों की आरसी, किरायानामा के स्टांप, इकरारनामा, जमीन की रजिस्ट्रियां, हस्ताक्षरित खाली चेक और खाली स्टाम्प बरामद किए गए।
मुख्य घटनाक्रम के अनुसार पुलिस थाना डग के आसूचना अधिकारी श्री विनोद कुमार कानि. 1078 को सूचना प्राप्त हुई कि कस्बा डग में अवैध ब्याज माफिया का बड़ा जाल फैला हुआ है। मामले की गंभीरता, संवेदनशीलता और आरोपी द्वारा सबूतों को खुर्द-बुर्द करने की संभावना को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार श्री भंवर सिंह पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी डग के नेतृत्व में गठित टीम ने तलाशी के दौरान 70 ट्रैक्टर, 81 मोटरसाइकिलें, 7 पिकअप, 3 ट्रक, 1 कार और 2 टैम्पो सहित बड़ी संख्या में वाहन बरामद किए। इसके अलावा 107 थ्रेसर मशीन, 29 ट्रॉली, 89 कृषि पंजा, 54 सिडल, 3 लहसुन मशीन, 2 गेहूं काटने की मशीन, 9 भूसा बनाने की सिडल, 9 रोटावेटर, 5 कुआं खोदने की मशीन और 1 मिर्च-मसाला पीसने की यूनिट सहित भारी कृषि उपकरण भी जब्त किए गए।
दस्तावेजों में 50, 100 और 500 रुपये के 47 खाली हस्ताक्षरित स्टाम्प पेपर, विभिन्न बैंकों के 147 हस्ताक्षरित खाली चेक, 60 खाली बैंक दस्तावेज, 39 गिरवी रखे मकानों के पट्टे, 9 वाहनों की आरसी, 3 किरायानामा स्टांप, 4 इकरारनामा और 4 जमीन की रजिस्ट्रियां बरामद हुईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कर्ज देने के बदले ग्रामीणों से खाली चेक और स्टाम्प पर हस्ताक्षर करवा लेता था और बाद में मनमानी राशि भरकर उन्हें कानूनी रूप से डराकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोपी फाइनेंसशुदा वाहनों को अपने बाड़े में छुपाकर रखता था, जिससे बैंक और रिकवरी कंपनियां उन तक नहीं पहुंच पाती थीं। रखरखाव के अभाव में करोड़ों की संपत्ति खुले में बर्बाद हो रही थी।
कानूनी कार्रवाई के तहत सुनील गोयल पुत्र कृष्णचंद्र गोयल निवासी डग के मकान, खेत और गोदाम से बरामद सभी वाहनों, कृषि यंत्रों और मशीनरी का फर्द पंचनामा तैयार कर जब्त किया गया और पुलिस थाना डग में विधिसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधान श्री हेमंत गौतम वृत्ताधिकारी वृत्त गंगधार को सौंपा गया।
इस कार्रवाई में पुलिस थाना डग के श्री भंवर सिंह थानाधिकारी, श्री श्यामलाल सउनि, श्री अरविंद सउनि, श्री बृजेश कानि. 1228, श्री विनोद कुमार कानि. 1078, श्री मुकेश कुमार कानि. 1085, श्री राकेश कानि. 1452 और श्री भूपेंद्र कानि. 1154 शामिल रहे। पुलिस थाना गंगधार से श्री अमरनाथ थानाधिकारी, श्री बृजेश कुमार कानि. 1333, श्री नवरत्न कानि. 149, श्री जितेंद्र कुमार कानि. 1080 और श्रीमती ममता महिला कानि. 351 ने सहयोग किया। पुलिस थाना पगारिया के श्री सुभाष गढ़वाल सहायक उप निरीक्षक, श्री मेहरबान सिंह कानि. 205, श्री संदीप कुमार कानि. 320, श्री करनाराम कानि. 223 और श्री पंकज कानि. 1239 भी टीम में शामिल रहे। पुलिस थाना छंडैल से श्री रामकरण थानाधिकारी थाना उन्हेल, श्री महेश कुमार कानि. 248, श्री वीरेन्द्र बौधरी कानि. 886 और श्रीमती तारा देवी महिला कानि. 327 ने भागीदारी निभाई। जिला स्पेशल टीम प्रभारी श्री सुरेन्द्र हैड कानि. 322, श्री भरतराज कानि. 1283, श्री लेखराज कानि. 1250 और श्री अरुण कानि. 1318 तथा साईबर टीम के श्री रवि सेन कानि. 1591 और श्री सुमित कुमार कानि. 1311 भी इस कार्रवाई में शामिल रहे।
झालावाड़ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध सूदखोरी और आर्थिक शोषण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिससे ग्रामजन में विश्वास और अपराधियों में भय बना रहे।