जलगांव के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में गरबा विवाद के दौरान घायल हुए व्यक्ति को उपचार के लिए लाते लोग और स्वास्थ्यकर्मी।   

जलगांव शहर के माउली नगर में दशहरे की रात गरबा-दांडिया आयोजन के दौरान विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चॉपर से किए गए हमले में 40 वर्षीय किरण विठ्ठल पाटील की मौत हो गई, जबकि किशोर छगन पाटील गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, माउली नगर में दुर्गा मंडल की ओर से गरबा-दांडिया का आयोजन किया गया था। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए तीन युवकों ने दांडिया खेल रही महिलाओं पर बाइक की हेडलाइट चमकाई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। इस बात को लेकर युवकों से पूछताछ की गई, तो कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया।

इस बीच, किरण पाटील और किशोर पाटील ने विवाद शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने का प्रयास किया। हालांकि, देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक संदिग्ध ने चॉपर से किरण पाटील की छाती पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किरण पाटील की मौत हो गई, जबकि किशोर पाटील गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी में इस घटना में मयूर जाधव, रोहित पाटील और एक अन्य युवक की संलिप्तता सामने आई है। वारदात के बाद संदिग्ध मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए जलगांव एमआईडीसी पुलिस ने तीन टीमें रवाना की हैं।

मामले में देर रात तक अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार संदिग्धों की तलाश की जा रही है। दशहरे की रात हुए इस हमले में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और जांच आगे बढ़ रही है।

Tags: