जयपुर, 09 अक्टूबर। राजस्थान के सीकर जिले की प्रगतिशील महिला किसान संतोष देवी खेदड़ राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष-2026 के अवसर पर 15 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘महिला किसान दिवस-2026’ के लिए उनका चयन किया गया है। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के प्रत्येक राज्य से कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली एक-एक प्रगतिशील महिला किसान को आमंत्रित किया गया है।

भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री करेंगे। कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, नवाचार और योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर की चयनित महिला किसान अपने अनुभव और उपलब्धियां साझा करेंगी।

राजस्थान से सीकर जिले के गांव बेरी की निवासी श्रीमती संतोष देवी खेदड़ को इस आयोजन के लिए चुना गया है। सक्षम स्तर से अनुमोदन के उपरान्त उन्हें नई दिल्ली में आयोजित ‘महिला किसान दिवस-2026’ में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने के लिए मनोनीत किया गया है।

श्रीमती संतोष देवी खेदड़ ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए महिला किसानों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका चयन प्रदेश की उन महिला किसानों के प्रयासों और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से परिवार की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

महिला किसान दिवस-2026 के दौरान देशभर की उत्कृष्ट महिला किसानों को अपने अनुभव साझा करने, कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और सफल प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने तथा अन्य महिला किसानों को प्रेरित करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान और उनकी उपलब्धियों को सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

राजस्थान से संतोष देवी खेदड़ का चयन प्रदेश की महिला किसानों के लिए गौरव का विषय है। उनका राष्ट्रीय आयोजन में प्रतिनिधित्व कृषि क्षेत्र में विकास, नवाचार और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण में राजस्थान की महिला किसानों की निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

Tags: