राजस्थान पुलिस अकादमी में कांस्टेबल बैच 102 का दीक्षांत समारोह 5 को
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा नव-प्रशिक्षित जवानों को शपथ दिलाएंगे, 3 अक्टूबर को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल।
राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर के परेड ग्राउंड पर सोमवार 05 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे प्रशिक्षु कानिस्टेबल बैच संख्या-102 का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा होंगे। वह परेड का निरीक्षण करने के साथ देश सेवा और संविधान की रक्षा के लिए नव-प्रशिक्षित जवानों को शपथ दिलाएंगे।
अकादमी द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार दीक्षांत परेड की शुरुआत प्रातः 8:00 बजे मुख्य अतिथि के आगमन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ होगी। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण, राष्ट्रीय ध्वज और पुलिस कलर पार्टी के अभिवादन तथा प्रशिक्षणार्थियों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम संपन्न होगा।
समारोह में मार्च पास्ट और पारितोषिक वितरण के बाद मुख्य अतिथि का उद्वोधन होगा। इसके पश्चात अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत फुल ड्रेस रिहर्सल 03 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे आयोजित की जाएगी।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एवं निदेशक श्री संजीब कुमार नार्ज़ारी के दिशानिर्देशन में दीक्षांत समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उप निदेशक एवं प्राचार्य श्री रामस्वरूप शर्मा को संपूर्ण दीक्षांत समारोह का ओवरऑल प्रभारी बनाया गया है।
परेड ग्राउंड के पीछे अस्थायी किले का निर्माण, मंच संचालन, परेड ग्राउंड की सजावट और सेल्यूटिंग बेस की व्यवस्थाओं के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीमें तैनात की गई हैं। अकादमी में दीक्षांत परेड से जुड़ी तैयारियां पूरी कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शनिवार 03 अक्टूबर को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद सोमवार को बैच-102 के नव-प्रशिक्षित कानिस्टेबल दीक्षांत परेड में शपथ ग्रहण करेंगे।