राजस्थान के अलवर जिले में आयोजित ऐतिहासिक सहकार समारोह में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं सहकारिता मंत्री गौतम दक की उपस्थिति में फलोदी, डीडवाना-कुचामन, बालोतरा एवं प्रतापगढ़ में 4 नए जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों (DCCB) के गठन की घोषणा की। इस घोषणा के साथ राजस्थान में कुल 33 जिला केंद्रीय सहकारी बैंक हो जाएंगे। हालांकि, अभी भी कुछ जिलों, जैसे धौलपुर, राजसमंद, करौली और बहरोड़ में पृथक से DCCB नहीं है।

इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने ऑल राजस्थान कोआपरेटिव बैंक एम्प्लाइज यूनियन, ऑल राजस्थान कोआपरेटिव बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, सहकारी साख समितियाँ एम्प्लाइज यूनियन राजस्थान तथा राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाईज यूनियन की ओर से हार्दिक आभार, बधाई एवं अभिनंदन व्यक्त किया है।

आमेरा ने कहा कि प्रदेश के सहकारी साख आंदोलन के लिए यह महत्वपूर्ण घोषणा है। 4 नए जिला केंद्रीय सहकारी बैंक बनने से नए जिलों में सहकारी साख का विस्तार होगा और किसानों तथा आमजन को समय पर सस्ती ऋण सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण विकास, रोजगार और प्रदेश-देश की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।

उन्होंने कहा कि इस निर्णय से सहकारिता को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रधानमंत्री के “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को राजस्थान में नई गति मिलेगी।

सहकार नेता आमेरा ने पैक्स एवं बैंक कार्मिकों की ओर से यह जिम्मेदारी लेते हुए आह्वान किया कि इन 4 नए बैंकों को आर्थिक रूप से मजबूत, पारदर्शी और सेवा प्रदाता संस्थान बनाकर किसान हित में श्रेष्ठतम योगदान दिया जाए।

मंत्रीगण के इस दूरदर्शी निर्णय से राजस्थान में सहकारिता आंदोलन और मजबूत होने की उम्मीद व्यक्त की गई है। आमेरा ने कहा कि यह कदम सहकारी साख के विस्तार के साथ किसानों और आमजन तक ऋण सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

Tags: