रेलवे कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा, 11.40 लाख कर्मचारियों को मिलेगा 78 दिनों का बोनस
दशहरा से पहले 11.40 लाख से अधिक गैर-राजपत्रित रेलवे कर्मियों को अधिकतम 17,951 रुपये का बोनस मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी दे दी है। रेलवे के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए सरकार ने 11,40,770 रेलवे कर्मचारियों को कुल 2009.61 करोड़ रुपये का बोनस देने का फैसला किया है। पात्र कर्मचारियों को यह राशि 78 दिनों के वेतन के बराबर मिलेगी।
पात्र रेलवे कर्मचारियों को हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा की छुट्टियों से पहले प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस का भुगतान किया जाता है। इस साल भी लगभग 11.40 लाख गैर-राजपत्रित रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस दिया जा रहा है। इस बोनस का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन करने और रेलवे के कामकाज में सुधार की दिशा में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सरकार की मंजूरी के अनुसार, प्रत्येक पात्र रेलवे कर्मचारी को 78 दिनों के लिए अधिकतम 17,951 रुपये की बोनस राशि देय होगी। इस निर्णय से रेलवे की विभिन्न श्रेणियों में कार्यरत कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इनमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और अन्य ग्रुप 'C' कर्मचारी शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। रेलवे ने इस दौरान 1670 मिलियन टन का रिकॉर्ड कार्गो लोड किया और लगभग 7.41 बिलियन यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। रेलवे के इस प्रदर्शन को देखते हुए केंद्रीय कैबिनेट ने कर्मचारियों के लिए बोनस को मंजूरी दी है। कुल 2009.61 करोड़ रुपये के इस भुगतान से 11,40,770 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, जबकि अधिकतम 17,951 रुपये प्रति पात्र कर्मचारी की राशि निर्धारित की गई है।