तस्वीर में पावरग्रिड के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक अभिनव वर्मा जयपुर मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भाषण देते हुए नजर आ रहे हैं।

जयपुर स्थित पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) के उत्तर पश्चिमी क्षेत्रीय मुख्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। विद्युत मंत्रालय के तहत महारत्न सीपीएसई पावरग्रिड के इस समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस अवसर पर श्री अभिनव वर्मा, कार्यपालक निदेशक (उत्तर पश्चिमी क्षेत्र) ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में श्री अभिनव वर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों के अमूल्य योगदान को स्मरण किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए पावरग्रिड परिवार को संगठन और देश की प्रगति में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

ध्वजारोहण के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह को और आकर्षक एवं भावनात्मक बना दिया। कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही आयोजित क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने ज्ञान एवं जागरूकता का प्रदर्शन किया।

समारोह में पावरग्रिड के क्षेत्रीय मुख्यालय, जयपुर के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, एकता और राष्ट्र गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जिसने 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

पावरग्रिड राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए विश्वस्तरीय विद्युत ट्रांसमिशन अवसंरचना के विकास एवं प्रचालन के माध्यम से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है तथा ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

Tags: