तस्वीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के अन्य पदाधिकारी जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में नजर आ रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरा देश गर्व और गौरव के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह दिन उन महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

मदन राठौड़ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी दिन है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि राष्ट्रीय चरित्र से युक्त नागरिकों का निर्माण हो और प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्रप्रेम एवं देश के प्रति समर्पण की भावना पैदा हो।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, लोकतंत्र में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है। जब देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होगा, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा और देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का स्वाभिमान और प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। भारत प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। देश रक्षा एवं शस्त्र निर्माण के साथ-साथ औद्योगिक विकास में भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जाए और देश को विकसित भारत के संकल्प की ओर ले जाया जाए। आजाद भारत को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसके लिए केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करना होगा। समाज को जागरूक एवं संगठित करते हुए एकता की भावना को मजबूत करना होगा, ताकि प्रत्येक नागरिक सशक्त बने और भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।

राजस्थान सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ा है और सरप्लस बिजली की स्थिति हासिल की है। जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। यमुना जल समझौते से राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र को लाभ मिलेगा। नर्मदा का पानी गुजरात से राजस्थान के सांचौर तक पहुंचना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। पंजाब से राजस्थान के हिस्से का पूरा पानी प्राप्त करने के लिए भी राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

राठौड़ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार को केंद्र से पूरा सहयोग मिल रहा है और केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर राजस्थान को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग को संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। पुलिसकर्मियों के लिए वाहनों की व्यवस्था से लेकर महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराने जैसे कदम उठाए गए हैं। अपराध के मामलों में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम किया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज मीडिया आम आदमी की आवाज को शासन और समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। सक्षम और जिम्मेदार मीडिया लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर राजस्थान को विकसित राजस्थान बनाने का संकल्प लेना होगा। इसके लिए समाज को जागरूक, संगठित और एकजुट करते हुए प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय चरित्र एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।

कार्यक्रम में भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, डॉ. अपूर्वा सिंह, आईदान सिंह भाटी, सांसद मंजू शर्मा, जिलाध्यक्ष अमित गोयल, भाजना नेता रवि नैय्यर, महिला आयोग पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, सह सचिव भवानी शंकर शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।


Tags: