जयपुर में सेफ आदर्श कॉरिडोर के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
अजमेरी गेट से सीतापुरा तक सुरक्षित यातायात व्यवस्था, सड़क डिजाइन और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इंजीनियरिंग टीम को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण।
जयपुर जिला कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लेते 'सेफ आदर्श कॉरिडोर' परियोजना से जुड़े इंजीनियरिंग दल के सदस्य और तकनीकी विशेषज्ञ।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला कलक्टर संदेष नायक द्वारा दिए गए निर्देशों की अनुपालना में अजमेरी गेट से सीतापुरा तक “सेफ आदर्श कॉरिडोर” विकसित किए जाने की योजना के तहत क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य सुरक्षित सड़क डिजाइन, पैदल यात्री सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन एवं जंक्शन सुधार कार्यों को प्रभावी रूप से लागू करना है।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर दक्षिण) जयपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना से जुड़े इंजीनियरिंग दल की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कलक्ट्रेट कार्यालय सभागार में यह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस दौरान सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के माध्यम से इंजीनियरिंग टीम की क्षमता को और अधिक मजबूत करने तथा “सेफ आदर्श कॉरिडोर” परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने पर बल दिया गया।
यह कार्यशाला सड़क सुरक्षा सुधारों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने और शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।