बाड़मेर-हरिद्वार द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 11 मई से होगी शुरू
ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे राजस्थान से उत्तराखंड के बीच 20 ट्रिप संचालित करेगा।
ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन द्वारा बाडमेर-हरिद्वार-बाडमेर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा के संचालन का निर्णय लिया गया है। यह विशेष ट्रेन सेवा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04811, बाडमेर-हरिद्वार द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 11 मई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक कुल 20 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को बाडमेर से सुबह 04.15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 04.10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04812, हरिद्वार-बाडमेर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 12 मई 2026 से 17 जुलाई 2026 तक कुल 20 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन हरिद्वार से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 05.15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 07.30 बजे बाडमेर पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी संशोधित प्रेस विज्ञप्ति में बाडमेर पहुंचने का समय विशेष रूप से संशोधित किया गया है।
यह विशेष रेलसेवा मार्ग में बायतू, बालोतरा, समदड़ी, दुदाड़ा, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेडता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर, लालगढ़, लुनकरणसर, अरजनसर, राजियासर, सूरतगढ़, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, संगरिया, मंडी डबवाली, बठिंडा, धुरी, अम्बाला कैंट और सहारनपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे मार्ग के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और गर्मी की छुट्टियों में यात्रा सुगम होगी।
रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में 01 सैकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 05 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी तथा 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे। अतिरिक्त स्पेशल रेलसेवा शुरू होने से यात्रियों को प्रतीक्षा सूची और भीड़भाड़ की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।