पश्चिम रेलवे ने साबरमती और हरिद्वार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत देते हुए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दोनों दिशाओं में चलने वाली साबरमती-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन के फेरों को दिसंबर 2026 तक विस्तारित कर दिया है।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09425 साबरमती-हरिद्वार स्पेशल पहले 23 नवंबर, 2026 तक अधिसूचित थी। अब इसके संचालन को 07 दिसंबर, 2026 तक बढ़ा दिया गया है। इसी तरह, ट्रेन संख्या 09426 हरिद्वार-साबरमती स्पेशल, जिसका संचालन पहले 24 नवंबर, 2026 तक निर्धारित था, अब 08 दिसंबर, 2026 तक विस्तारित कर दिया गया है।

रेलवे ने ट्रेन संख्या 09425 के विस्तारित फेरों के लिए बुकिंग भी शुरू कर दी है। यात्री सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों और आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं।

ट्रेनों के ठहराव, कोच संरचना और समय-सारणी से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। संचालन अवधि बढ़ाए जाने से दिसंबर के पहले सप्ताह तक साबरमती और हरिद्वार के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

Tags: