तस्वीर में रेलवे स्टेशन पर अधिकारी और कर्मचारी हाथ में कागज लिए स्वच्छता की शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल पर ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 को हुआ। अभियान 02 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस वर्ष इसकी मुख्य थीम “स्वच्छता में सहभागिता; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” है। इसके बाद ‘स्वच्छता पखवाड़ा–2026’ का आयोजन 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण के उद्देश्य से विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। रेलवे परिसरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।



अभियान के तहत महेसाणा रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

विसनगर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों ने स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘स्वच्छ रेल–स्वच्छ भारत’ के निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान किया गया।

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत आयोजित ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, साबरमती के विद्यार्थियों ने इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो, साबरमती (ICD-SBI) का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को रेलवे कोच और ट्रेनों की रखरखाव एवं अनुरक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को विशेष रूप से बायो-टॉयलेट की कार्यप्रणाली और संचालन प्रणाली के बारे में समझाया गया। साथ ही रेलवे की ओर से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

इसके बाद कॉन्फ्रेंस हॉल में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत 17 एवं 18 सितंबर को ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता शपथ, स्वच्छता जागरूकता एवं प्रदर्शन सत्र, स्वच्छता ज्ञान यात्रा, नुक्कड़ नाटक, विषय आधारित कला प्रतियोगिताओं तथा दान एवं पुनः उपयोग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, रेलवे कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags: