गुजरात में रेल सेवाओं का विस्तार करते हुए साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और महेसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन शुरू की जा रही है, जिससे यात्रियों और श्रद्धालुओं का सफर सुगम होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में दो नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस और महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू ट्रेन सेवा शामिल हैं। इन सेवाओं से गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होने के साथ ही उत्तर गुजरात के दैनिक यात्रियों तथा धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के नए विकल्प मिलेंगे।

अहमदाबाद, 29 अक्टूबर 2026। नई रेल सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर साबरमती स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में गुजरात सरकार की राज्यमंत्री श्रीमती दर्शनाबेन वाघेला, अहमदाबाद के महापौर श्री हितेशभाई बारोट, सांसद श्री हसमुखभाई पटेल, सांसद श्री दिनेशभाई मकवाना, विधायक डॉ. हर्षदभाई पटेल, विधायक श्री जगदीशभाई विश्वकर्मा, विधायक श्री कौशिक जैन सहित अन्य विधायकगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

वहीं, बेचराजी स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री हरिभाई पटेल, सांसद श्री मयंक नायक, सांसद श्री राजेश शुक्ला, सांसद श्री चंदूभाई सिहोरा, विधायक श्री सुखाजी ठाकोर सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने दोनों नई रेल सेवाओं के शुभारंभ को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक, सुलभ और यात्री-केंद्रित परिवहन व्यवस्था की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। गुजरात को साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस तथा महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू के रूप में दो नई रेल सेवाएं मिलना क्षेत्रीय एवं अंतरराज्यीय रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस से गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। वहीं, महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा से उत्तर गुजरात के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को लाभ होगा। बेचराजी स्थित प्रसिद्ध श्री बहुचर माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रेल यात्रा अधिक सुगम होगी।

मंडल रेल प्रबंधक के अनुसार, दोनों सेवाओं से धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलने की अपेक्षा है। अहमदाबाद मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेल संपर्क का निरंतर विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। नई ट्रेन संख्या 12205/12206 प्रतिदिन संचालित होगी और यात्रियों को अहमदाबाद तथा वाराणसी के बीच सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी। इस सेवा से श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगा। विशेष रूप से वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम तथा अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। इसके अलावा, तीनों राज्यों के प्रमुख शहरों के बीच व्यापारिक, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।

ट्रेन संख्या 12205 साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस साबरमती से सुबह 05:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 06:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 12206 वाराणसी–साबरमती एक्सप्रेस वाराणसी से शाम 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 20:15 बजे साबरमती पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, इदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर स्टेशनों पर होगा।

दूसरी ओर, महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा शुरू होने से महेसाणा, पाटण और आसपास के क्षेत्रों में रेल परिवहन की सुविधा बढ़ेगी। इस सेवा के माध्यम से साबरमती, चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा, रणुज और महेसाणा सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशन आपस में जुड़ेंगे।

यह सेवा दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, औद्योगिक कर्मचारियों और बेचराजी स्थित श्री बहुचर माता मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी होगी। यात्रियों को सुबह और शाम दोनों समय यात्रा के विकल्प मिलेंगे।

गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित श्री बहुचर माता मंदिर प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नई मेमू सेवा से श्रद्धालुओं को बेचराजी आने-जाने के लिए सुविधाजनक रेल परिवहन का विकल्प मिलेगा। बेचराजी क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय आवागमन की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए भी यह सेवा महत्वपूर्ण होगी। इससे स्थानीय निवासियों के साथ आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।

मेमू ट्रेन सेवा के तहत सुबह की यात्रा में ट्रेन साबरमती से 06:40 बजे प्रस्थान कर 08:05 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 08:07 बजे रवाना होकर यह ट्रेन 09:45 बजे महेसाणा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन महेसाणा से शाम 16:40 बजे प्रस्थान करेगी और 17:49 बजे बेचराजी पहुंचेगी। इसके बाद बेचराजी से 17:51 बजे रवाना होकर यह ट्रेन 20:30 बजे साबरमती पहुंचेगी।

शाम की सेवा में ट्रेन साबरमती से 17:05 बजे प्रस्थान कर 18:48 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 18:50 बजे रवाना होकर यह ट्रेन 20:25 बजे महेसाणा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन महेसाणा से सुबह 07:05 बजे प्रस्थान कर 07:50 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 07:52 बजे रवाना होकर यह ट्रेन 10:20 बजे साबरमती पहुंचेगी।

मार्ग में दोनों मेमू सेवाओं का ठहराव चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा और रणुज स्टेशनों पर होगा।

नई रेल सेवाओं से स्थानीय नागरिकों को सुविधाजनक और किफायती परिवहन का विकल्प मिलने के साथ व्यापार, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। रेल परिवहन के बेहतर विकल्प सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने में भी सहायक हो सकते हैं। इसके साथ पर्यावरण के अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देकर क्षेत्र के सतत विकास में योगदान देने की संभावना है। साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस जहां अंतरराज्यीय रेल संपर्क और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, वहीं महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा उत्तर गुजरात में दैनिक आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।

Tags: