बीड-पुणे के बीच शुरू होगी पहली सीधी ट्रेन, मध्य रेल चलाएगा स्पेशल सेवा
अहिल्यानगर-बीड खंड के कमीशनिंग के बाद मिली नई कनेक्टिविटी से छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को आसान और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी।
बीड और पुणे के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित सीधी रेल कनेक्टिविटी अब शुरू होने जा रही है। मध्य रेल 17 सितंबर 2026 को बीड से पुणे के बीच उद्घाटन विशेष ट्रेन सेवा शुरू करेगा। महाराष्ट्र की माननीय उपमुख्यमंत्री श्रीमती सुनेत्रा पवार, सांसद श्री बजरंग सोनवणे, विधायक श्री संदीप क्षीरसागर और अन्य गणमान्य अतिथि बीड रेलवे स्टेशन से बीड-पुणे उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मध्य रेल के अनुसार, मराठवाड़ा क्षेत्र और पुणे के बीच रेल संपर्क मजबूत करने के उद्देश्य से बीड और पुणे के बीच यह पहली दैनिक ट्रेन सेवा होगी। बीड-पुणे उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 01401 बीड से पुणे के बीच चलेगी। ट्रेन का ठहराव अमलनेर भांड्याचे, न्यू आष्टी, नारायणडोह, अहिल्यानगर, श्रीगोंदा रोड, दौंड कॉर्ड लाइन और उरुली स्टेशनों पर होगा।
ट्रेन की संरचना में 2 एसी 2-टियर, 3 एसी 3-टियर, 4 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन और 1 जनरेटर वैन शामिल होंगे।
मध्य रेल ने बताया कि ट्रेन संख्या 11434/11433 पुणे-बीड-पुणे दैनिक एक्सप्रेस की नियमित सेवा शीघ्र ही शुरू की जाएगी। इसकी विस्तृत समय-सारणी और ठहराव की सूचना अलग से जारी की जाएगी।
बीड और पुणे के बीच इस सेवा की शुरुआत अहिल्यानगर-बीड-पारली वैजनाथ नई रेल लाइन परियोजना के अहिल्यानगर-बीड खंड के कमीशनिंग के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बीड महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र का एक ऐतिहासिक जिला है, जो अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है। यहां ऐतिहासिक कंकालेश्वर मंदिर स्थित है और यह परली वैजनाथ ज्योतिर्लिंग तथा अंबाजोगाई जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के निकट है। जिला मुख्यतः कृषि प्रधान है। नई रेल कनेक्टिविटी क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।
पुणे को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी और ‘पूर्व का ऑक्सफोर्ड’ के रूप में जाना जाता है। यह शिक्षा, उद्योग और आईटी का प्रमुख केंद्र है। पुणे एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है, जो मराठवाड़ा और अन्य क्षेत्रों को पश्चिमी महाराष्ट्र से जोड़ता है। यह शहर बीड जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आने वाले विद्यार्थियों, पेशेवरों, व्यापारियों और पर्यटकों को आकर्षित करता है।
नई ट्रेन सेवा बीड को पुणे से जोड़ने वाली पहली सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। इससे आकांक्षी जिला भारत के यात्री रेल मानचित्र पर और मजबूती से जुड़ जाएगा। शिक्षा, व्यवसाय, चिकित्सा और तीर्थयात्रा के लिए पुणे जाने वाले विद्यार्थियों, दैनिक यात्रियों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और मरीजों को इससे सुविधा मिलेगी।
मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन सड़क परिवहन की तुलना में तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन का साधन उपलब्ध कराएगी। इससे यात्रा समय में कमी आएगी, स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा कृषि उपज के आवागमन में सुविधा होगी।
यह सेवा मराठवाड़ा को पश्चिमी महाराष्ट्र के साथ और अधिक मजबूती से जोड़ेगी तथा पुणे के माध्यम से देश के अन्य हिस्सों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। मध्य रेल ने कहा है कि वह मराठवाड़ा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने और यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक तथा किफायती यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बीड-पुणे नई सेवा की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मराठवाड़ा-पुणे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी और महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।