अयोध्या के अष्ट घाट का धार्मिक महत्व और मान्यताएं: जानिए क्यों खास है इन आठ घाटों पर स्नान|
| भगवान श्रीराम और लक्ष्मण से जुड़ी कथाओं वाले इन आठ घाटों पर स्नान करने से श्रद्धालुओं को पुण्य और आध्यात्मिक लाभ मिलने की मान्यता है।
अयोध्या में सरयू नदी के तट और घाटों से जुड़ी पौराणिक कथाओं के अनुसार श्रद्धालु यहां स्नान और दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या को अत्यंत पवित्र तीर्थ स्थल माना जाता है। दूर-दूर से श्रद्धालु यहां के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करने और पुण्य कमाने के उद्देश्य से आते हैं। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू तट के पास ऐसे आठ घाट स्थित हैं, जहां स्नान करने का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। इन सभी आठ घाटों के साथ भगवान श्रीराम से जुड़ी कोई न कोई कथा या परंपरा जुड़ी हुई है। पं. राकेश झा के अनुसार, अयोध्या के इन अष्ट घाटों पर स्नान किए बिना आपकी यात्रा अधूरी रह सकती है, क्योंकि प्रत्येक घाट पर स्नान करने का अपना अलग महत्व है। अयोध्या धाम की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इन घाटों से जुड़ी जानकारी साझा की गई है। आइए विस्तार से जानते हैं कि अयोध्या के इन आठ घाटों का क्या महत्व है और इनसे कौन-सी मान्यताएं जुड़ी हैं।
गौ घाट
मान्यता है कि इस घाट का प्राचीन नाम गोप्रतार था। गायों द्वारा नदी पार करने या उनसे जुड़ी कथा के कारण यह नाम प्रचलित हुआ था। हालांकि, यह भी कहा जाता है कि बाद में प्रभु श्रीराम के यहां से गुप्त होने के कारण इसका नाम गुप्तार घाट पड़ा। अयोध्या धाम की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, गौ घाट धार्मिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। श्रद्धालु यहां आध्यात्मिक शांति पाने के लिए आते हैं। इस स्थान का वातावरण शांत और पवित्र है, और यहां पूजनीय गायों की मौजूदगी इसे और अधिक समृद्ध बनाती है।
सरयू घाट
अयोध्या धाम की वेबसाइट के अनुसार, सरयू घाट वह स्थान है जहां पत्थर की सीढ़ियां सरयू नदी तक पहुंचती हैं। इस घाट को लेकर यह मान्यता है कि भगवान श्रीराम पृथ्वी छोड़कर बैकुंठ जाने के लिए इसी घाट पर जल लेकर आए थे। कहा जाता है कि यहां स्नान करने से व्यक्ति के समस्त पाप कट सकते हैं और मोक्ष के द्वार खुलते हैं। सरयू घाट पर कार्तिक और माघ मास में स्नान करने का विशेष महत्व बताया गया है।
गुप्तार घाट
यह घाट उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में घाघरा नदी (सरयू नदी) के पश्चिमी तट पर स्थित है। गुप्तार घाट की महिमा का उल्लेख शास्त्रों में भी मिलता है। वेबसाइट के अनुसार, इस घाट पर पंडितों की उपस्थिति देखने को नहीं मिलती है। यहां पहुंचने पर मन को शांति का अनुभव होता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, गुप्तार घाट पर ही भगवान राम ने जल समाधि ली थी और वहां से बैकुंठ प्रस्थान किया था।
झुनकी घाट
झुनकी घाट को लेकर कहा जाता है कि जिस स्थान पर आज सिद्धपीठ सियाराम किला स्थित है, वहां प्राचीन समय में प्रभु श्रीराम और माता सीता का दिव्य महल हुआ करता था। समय के साथ यह स्थान टीले में बदल गया और यहां पक्के घाट का निर्माण कराया गया। मान्यता के अनुसार, झुनकी घाट का नाम एक संत के नाम पर रखा गया है, जिन्हें माता सीता का परम उपासक माना जाता है।
गौरा घाट
कहा जाता है कि भगवान श्रीराम ने वनवास जाते समय अपनी पहली रात इसी स्थान पर बिताई थी। वे तमसा नदी के तट पर विश्राम करने के लिए रुके थे। आज के समय में इसका नाम मंदार है, जिसे गौरा घाट के नाम से जाना जाता है। अयोध्या धाम की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, घाट का यह नाम गौरव शब्द से विकसित हुआ है। यहां स्नान करना बहुत शुभ फलदायी माना जाता है। ऐसे में यदि आप अयोध्या जाएं, तो गौरा घाट पर स्नान अवश्य करें।
लक्ष्मण घाट
अयोध्या में सरयू नदी के किनारे स्थित यह घाट भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मणजी को समर्पित माना जाता है। मान्यता है कि इसी स्थान पर लक्ष्मणजी ने अपनी इच्छा से अपने प्राणों का त्याग किया था। ऐसा माना जाता है कि लक्ष्मण घाट पर स्नान और दर्शन करने से भाई-बहनों के बीच प्रेम में बढ़ोतरी होती है। इसके साथ ही जीवन के भयों से भी रक्षा हो सकती है।
तुलसी घाट
यह घाट प्रभु श्रीराम को समर्पित है। मान्यता है कि इसी स्थान पर तुलसीदास ध्यान लगाया करते थे। उन्होंने भगवान श्रीराम की कथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अवधी भाषा में रामचरितमानस की रचना से जुड़े कार्य भी यहीं से शुरू किए थे। श्रद्धालुओं के बीच तुलसी घाट काफी प्रसिद्ध है और रामनवमी के समय यहां विशेष रौनक देखने को मिलती है।
राम की पैड़ी
ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीराम प्रतिदिन इसी स्थान से होकर सरयू नदी में स्नान किया करते थे। कुछ अन्य मान्यताओं और कथाओं के अनुसार, एक बार लक्ष्मणजी ने तीर्थ दर्शन की इच्छा जाहिर की थी। तब प्रभु राम ने कहा था कि जो भी सूर्योदय से पहले यहां सरयू में स्नान करेगा, उसे सभी तीर्थों के दर्शन के समान पुण्य प्राप्त होगा। इसी कारण से इस स्थान के दर्शन और स्नान को अत्यंत शुभ फलदायी माना जाता है।