तस्वीर में अभिनेता रोहित सराफ हाथ में लालटेन थामे नजर आ रहे हैं, जबकि अभिनेत्री प्रतिभा रांटा उनके करीब खड़ी हैं और दोनों एक-दूसरे की आंखों में देख रहे हैं।

‘द रेवोल्यूशनरीज’ के नए रोमांटिक ट्रैक ‘माहिया’ को रिलीज़ कर दिया गया है। टी-सीरीज़ द्वारा प्रस्तुत यह गाना सीरीज़ की बगावत और हिम्मत से भरी कहानी के बीच प्यार, अपनापन और सुकून का एहसास जोड़ता है। आकाशदीप सेनगुप्ता द्वारा कंपोज़ किए गए इस गाने को मशहूर सिंगर नीति मोहन और तुषार जोशी ने अपनी आवाज़ दी है।

‘माहिया’ के बोल टोलिया लवराज सिंह और गौरव चक्रवर्ती ने लिखे हैं। गाने में प्यार होने के एहसास, सुकून और छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करने की खुशी को पेश किया गया है। गाने में किसी खास शख्स को पाने की चाह और उसकी मौजूदगी से मिलने वाली खुशी को खूबसूरती से पिरोया गया है। इसके बोल उस महिला की तारीफ करते हैं, जिसके लिए यह गीत रचा गया है। यह गाना जिंदगी में आए प्यार, अपनापन और मकसद का जश्न मनाता है।

Full View

गाने को आकाशदीप सेनगुप्ता ने कंपोज़ किया है, जबकि इसके खूबसूरत बोल टोलिया लवराज सिंह और गौरव चक्रवर्ती ने लिखे हैं। नीति मोहन और तुषार जोशी की आवाज़ इसे रोमांटिक एहसास देती है। गाने के बोल इस भाव को सामने रखते हैं कि प्यार में एक शख्स आपके लिए सब कुछ बन जाता है। प्यारी धुन और म्यूज़िकल अरेंजमेंट के साथ ‘माहिया’ प्यार, अपनापन और खुशी का एहसास कराता है।

गाने के बारे में सिंगर नीति मोहन ने कहा, “‘माहिया’ एक बहुत ही खूबसूरत और प्यारा गाना है। इसकी मेलोडी और लिरिक्स से झलकने वाला अपनापन मुझे बेहद पसंद आया। मुझे जो बात खासतौर पर पसंद आई, वह है कि जिस तरह से यह गाना उस महिला का जश्न मनाता है जिससे वह शख्स प्यार करता है, उसे अपने भावनाओं के केंद्र रखता है और उसे यह बताने का एक खूबसूरत तरीका ढूंढता है कि वह उसके लिए सब कुछ है। उस एहसास में बहुत ही पाक और सहज बात है, और तुषार और मुझे इसे बनाने में बहुत मज़ा आया। मुझे उम्मीद है कि लिसनर्स इसकी सॉफ्ट, रोमांटिक एनर्जी को एन्जॉय करेंगे और इसमें प्यार के अपने खूबसूरत लम्हे महसूस करेंगे।”

‘माहिया’ सचिंद्र नाथ सान्याल (रोहित सराफ) और प्रतिभा लाहिड़ी (प्रतिभा रांटा) के बीच पनपते प्यार के एहसास को पेश करता है। चाँदनी रात में छतों पर फिल्माए गए इस गाने को रियल टच देने के लिए कृति महेश ने कोरियोग्राफ किया है। गाने में यह जोड़ा एक-दूसरे के साथ शरारत करता नजर आता है। इसी दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ती हैं और उनका रिश्ता एक खूबसूरत इंटिमेट डांस में बदल जाता है।

‘द रेवोल्यूशनरीज़’ का डायरेक्शन और सीरीज़ के लिए निर्माण मशहूर फिल्ममेकर निखिल आडवाणी ने किया है। इस हाई-ऑक्टेन पीरियड ड्रामा को मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘द रेवोल्यूशनरीज’ भारत की आजादी की लड़ाई की अनकही कहानी को दमदार और एंटरटेनिंग सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करती है।

यह सीरीज़ संजीव सान्याल की बेस्टसेलर किताब ‘रिवोल्यूशनरीज: द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रीडम’ पर आधारित है। संयुक्‍ता चावला शेख, अक्षिता वधवाना, शोभित नारंग और रुत्वी मेहता ने इसे लिखा है। ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा लीड रोल में हैं, जबकि जेसन शाह, पाओली डैम और तोता रॉय चौधरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘माहिया’ अब सभी बड़े म्यूज़िक प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध है। इसके म्यूजिक वीडियो को टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है। गाना ‘माहिया’ सीरीज़ की कहानी में उभरते प्रेम और रिश्तों के भावनात्मक पक्ष को सामने लाता है।