श्रद्धा कपूर ने जयपुर में डांसर्स के साथ किया लावणी नृत्य, रणदीप हुड्डा संग 'ईठा' का प्रमोशन
| श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा अपनी फिल्म 'ईठा' के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुँचे। राजमंदिर सिनेमा में श्रद्धा ने डांसर्स के साथ लावणी की प्रस्तुति दी और फिल्म के गाने का पोस्टर लॉन्च किया। जानें फिल्म की कहानी और रिलीज डेट।
जयपुर में फिल्म ईठा के प्रचार कार्यक्रम में मंच पर माइक थामे खड़े रणदीप हुड्डा और श्रद्धा कपूर नजर आ रहे हैं।
महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी कला के रंग गुरुवार को जयपुर में देखने को मिले, जब अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रणदीप हुड्डा अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' के प्रचार के लिए जयपुर के प्रसिद्ध राजमंदिर सिनेमा पहुँचे। इस दौरान श्रद्धा कपूर ने जयपुर की डांसर्स के साथ लावणी नृत्य की प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों ने मीडिया से बातचीत कर फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए और फिल्म के गाने का पोस्टर भी लॉन्च किया।
जयपुर से अपने जुड़ाव के बारे में श्रद्धा कपूर ने कहा कि यह शहर उनके लिए हमेशा खास और लकी रहा है। उन्होंने बताया कि जयपुर में जिन भी फिल्मों का उन्होंने प्रमोशन किया, उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। श्रद्धा के अनुसार, 'ईठा' उनके लिए बेहद खास फिल्म है और इसकी कहानी दर्शकों को जरूर देखनी चाहिए।
फिल्म में लावणी को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। इस पारंपरिक नृत्य को सीखने और इसकी बारीकियों को समझने के लिए उन्होंने काफी समय तक अभ्यास किया। जयपुर में स्थानीय डांसर्स के साथ लावणी की प्रस्तुति के दौरान फिल्म की इसी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि की झलक देखने को मिली।
वहीं, रणदीप हुड्डा ने जयपुर में प्रशंसकों से मिले प्यार और उत्साह पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि दर्शकों का अपनापन और फिल्मों के प्रति उनका उत्साह कलाकारों के लिए हमेशा खास होता है। जयपुर में मिले इस बेशुमार प्यार ने फिल्म के प्रचार से जुड़े अनुभव को और यादगार बना दिया।
'ईठा' महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित बायोग्राफिकल म्यूजिकल ड्रामा है। फिल्म में श्रद्धा कपूर विठाबाई की भूमिका निभा रही हैं। इसकी कहानी उनके करीब चार दशक के सफर को दर्शाती है, जिसमें प्रेम, विश्वासघात, संघर्ष और निजी चुनौतियों के बीच उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। विठाबाई ने कम उम्र में ही मंच पर प्रस्तुतियां देना शुरू कर दिया था और आगे चलकर महाराष्ट्र की लोकनाट्य परंपरा में विशेष पहचान स्थापित की।
फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर हैं। 'ईठा' 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जयपुर में हुए प्रचार कार्यक्रम के दौरान लावणी प्रस्तुति और गाने के पोस्टर लॉन्च के जरिए फिल्म की कहानी तथा इसकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को दर्शकों के सामने रखा गया।