तस्वीर में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर फिल्म 'ईठा' के संदर्भ में नजर आ रही हैं, जिसमें वह महान लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं और फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है।

अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर में उनके दमदार संवादों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। फिल्म में श्रद्धा कपूर महान लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। कहानी विठाबाई के जीवन, संघर्ष, आत्मसम्मान, टूटे भरोसे और कला के प्रति उनके जुनून पर आधारित है। ट्रेलर में श्रद्धा कपूर एक अलग अंदाज में नजर आ रही हैं और उनके चार संवाद किरदार की जिंदगी के अलग-अलग पहलुओं को सामने रखते हैं।

ट्रेलर की शुरुआत श्रद्धा कपूर के एक भावनात्मक संवाद से होती है। वह कहती हैं, ‘तुमने ही कहा था देखते हैं क्या टूटता है? मेरा भरोसा या मेरा घमंड... मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था, जब वो टूट गया ना सब टूट गया।’ इस संवाद में किरदार के टूटे भरोसे, दर्द और जिंदगी में मिले धोखे की झलक दिखाई देती है। इस दृश्य में श्रद्धा के चेहरे के हावभाव भी संवाद के प्रभाव को बढ़ाते हैं।

Full View

ट्रेलर में आत्मविश्वास और कला के प्रति समर्पण को दर्शाने वाला एक अन्य संवाद भी सुनाई देता है। इसमें श्रद्धा कपूर कहती हैं, ‘एक बार उतना ही भरोसा अपने आप पर कर, तुझसे नाच के मुकाबले में तकदीर भी नहीं जीत सकती है।’ यह संवाद विठाबाई के आत्मविश्वास और नृत्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इसके बाद एक और संवाद में वह अपने संघर्ष और जुनून को बयां करती हैं। श्रद्धा कहती हैं, ‘तू ही कहती थी न पड़े-पड़े मरी, तो बेचारी कहलाऊंगी, पर नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी।’ इस संवाद के जरिए विठाबाई के उस हौसले को सामने रखा गया है, जिसमें वह अपनी कला को जीवन का आधार मानती हैं।

फिल्म का एक अन्य प्रमुख संवाद नववारी साड़ी और मराठी संस्कृति से जुड़ा है। श्रद्धा कपूर कहती हैं, ‘नववारी कहते हैं इसे, क्या नववारी। ये सिर्फ कपड़ा नहीं अभिमान है, जिसे पहनने मिले वो भाग्यवान है। ये मराठी साड़ी का सम्मान है और मराठी मां की पहचान है ये।’ इस संवाद में नववारी साड़ी को मराठी संस्कृति, परंपरा और सम्मान की पहचान के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म ‘ईठा’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसका निर्माण दिनेश विजन के मैडॉक फिल्म्स बैनर तले किया गया है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर के चार प्रमुख संवादों के जरिए विठाबाई नारायणगांवकर के संघर्ष, आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और लावणी के प्रति समर्पण को कहानी के केंद्र में रखा गया है।

Tags: