सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के ट्रेलर को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। रिलीज होने के 24 घंटे से भी कम समय में ट्रेलर 50 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है। फिल्म को लेकर दर्शकों के साथ सेना के पूर्व सैनिकों, सम्मानित सैन्य अधिकारियों और राजनेताओं ने भी सराहना की है।

ट्रेलर की प्रशंसा करने वालों में शौर्य चक्र से सम्मानित सेवानिवृत्त मेजर पवन कुमार और सैन्य खुफिया विभाग के अनुभवी अधिकारी एवं सेना मेडल से सम्मानित मेजर एम. जॉली शामिल हैं। सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों की प्रतिक्रिया को फिल्म के विषय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिल्म में युद्ध, सैनिकों की कुर्बानी और उनके परिवारों पर पड़ने वाले भावनात्मक प्रभाव को दिखाया गया है।

ट्रेलर में तेज रफ्तार एक्शन दृश्यों के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्रमुखता दी गई है। शानदार विजुअल्स और एक्शन सीक्वेंस के बीच सैन्य अभियानों से जुड़ी अनिश्चितताओं, सैनिकों के परिवारों के त्याग और युद्ध के दोनों पक्षों में जान गंवाने वाले लोगों के दर्दनाक परिणामों को दर्शाया गया है। सैन्य अधिकारियों और अन्य प्रतिष्ठित लोगों के साथ दर्शकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चर्चा में ला दिया है।

अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले ही ट्रेलर को मिले व्यूज और अलग-अलग क्षेत्रों से मिल रही प्रतिक्रियाओं ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

Tags: