मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स का सेवन, AI ने पकड़े 12 लोग
| मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में लाइव कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स सेवन के आरोप में एक महिला समेत 12 लोगों पर केस दर्ज हुआ। पुलिस ने AI मोबाइल फोरेंसिक वैन से मौके पर जांच की, जिसमें गांजे और कोकीन के सेवन का मामला सामने आया।
महालक्ष्मी रेस कोर्स के बाहर मुंबई पुलिस का एक अधिकारी कॉन्सर्ट के दौरान संदिग्ध युवक की जांच कर रहा है।
मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स के सेवन का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि इनमें से 11 लोगों ने गांजे का सेवन किया था, जबकि एक व्यक्ति कोकीन के नशे में था। पुलिस ने रविवार को यह कार्रवाई की।
यह कार्रवाई पुलिस की नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस मोबाइल फोरेंसिक वैन की मदद से की गई। वर्ली रेस कोर्स में तैनात इस विशेष मोबाइल यूनिट के जरिए पुलिस ने कॉन्सर्ट के दौरान संदिग्ध लोगों की जांच की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। कॉन्सर्ट में बढ़ते ड्रग्स के इस्तेमाल पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने यह नई व्यवस्था शुरू की है।
इस मोबाइल फोरेंसिक वैन का उद्घाटन पिछले शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया था। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पुलिस अब मौके पर ही संदिग्ध नशीले पदार्थों और शरीर के तरल पदार्थों की जांच कर सकती है। इससे पहले जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजने पड़ते थे और रिपोर्ट आने में कई दिनों का इंतजार करना होता था।
नई वैन में आधुनिक जांच मशीनों के साथ AI तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। ये मशीनें शरीर के तरल पदार्थों और संदिग्ध नशीले पदार्थों की जांच करने में सक्षम हैं। AI की सहायता से जांच के परिणाम कम समय में प्राप्त हो जाते हैं, जिससे पुलिस मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर सकती है।
मुंबई में पिछले एक साल के दौरान कई म्यूजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स की ओवरडोज से मौत के मामले भी सामने आए हैं। अप्रैल में नेस्को एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ड्रग्स की ओवरडोज के संदेह में दो युवाओं की मौत हो गई थी। वहीं, एक अन्य युवक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
इसके बाद जून में वर्ली के NSCI डोम में आयोजित टेक्नो कॉन्सर्ट के दौरान 28 साल के एक युवक की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम और टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में उसके शरीर में MDMA ड्रग्स की पुष्टि हुई थी।
पुलिस की नई मोबाइल जांच वैन को कॉन्सर्ट स्थलों के ठीक बाहर तैनात करने का उद्देश्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों की पहचान करना और ऐसे मामलों पर रोक लगाना है। महालक्ष्मी रेस कोर्स में हुई कार्रवाई इस नई तकनीक के इस्तेमाल के बाद सामने आया पहला प्रमुख मामला है, जिसमें एक महिला समेत 12 लोगों के खिलाफ ड्रग्स सेवन के आरोप में केस दर्ज किया गया है।