18 साल बाद 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में तृप्ति विरानी बनकर लौटीं सुवर्णा झा, तुलसी संग फिर होगी यादगार टक्कर
18 साल बाद सुवर्णा झा ने स्टार प्लस के शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी में तृप्ति विरानी के रूप में वापसी की है। विरानी परिवार की दो शादियों के बीच उनकी एंट्री कहानी को नया मोड़ देगी। जानिए उन्होंने अपनी वापसी और तुलसी से होने वाले बहुप्रतीक्षित आमना-सामना को लेकर क्या कहा।
तस्वीर में बाएं से दाएं, तुलसी विरानी और तृप्ति विरानी के किरदार में नजर आ रही हैं।
मुंबई, जुलाई, 2026: स्टार प्लस के लोकप्रिय शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी में विरानी परिवार दो शादियों की तैयारियों में व्यस्त है। इसी बीच कहानी में एक बड़ा मोड़ आने वाला है, क्योंकि सुवर्णा झा पूरे 18 साल बाद एक बार फिर तृप्ति विरानी के किरदार में वापसी कर रही हैं। तृप्ति वही किरदार है, जिसने कभी अपने अंदाज़, चालाकी और फैसलों से पूरे विरानी परिवार की जिंदगी बदल दी थी।
तृप्ति की वापसी के साथ दर्शकों को एक बार फिर तृप्ति और तुलसी के बीच सबसे यादगार टक्कर देखने को मिलेगी। इस वापसी के बाद विरानी परिवार के पुराने रिश्ते एक बार फिर कसौटी पर होंगे और कहानी नए मोड़ की ओर बढ़ेगी।
सुवर्णा झा ने अपनी वापसी को लेकर कहा, "18 साल बाद एक बार फिर तृप्ति का किरदार निभाना मेरे लिए किसी सपने जैसा है। इस वापसी के साथ जितनी खुशी है, उतनी ही घबराहट भी, क्योंकि दर्शक आज भी मुझे तृप्ति के रूप में याद करते हैं, न कि आज की सुवर्णा के रूप में। तृप्ति हमेशा से एक बहुत यादगार किरदार रही है और मुझे पता है कि लोगों के दिलों में उसकी अपनी एक खास जगह है। मेरी बस यही उम्मीद है कि दर्शक तृप्ति के इस नए और पहले से ज्यादा परिपक्व रूप को भी उतना ही प्यार देंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "इतने सालों बाद सेट पर लौटना बहुत खास एहसास था। अपने पुराने दोस्तों और साथ काम करने वाले लोगों से फिर मिलकर ऐसा लगा जैसे मैं अपने ही परिवार के बीच वापस आ गई हूँ। मैं खुद भी यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूँ कि इस बार तृप्ति क्या नया करने वाली है और सबसे ज़्यादा इंतज़ार उस पल का है, जब उसका आमना-सामना फिर से तुलसी से होगा।"
तृप्ति विरानी की वापसी के साथ शो की कहानी एक नए दौर में प्रवेश करने जा रही है, जहां पुराने रिश्तों की फिर परीक्षा होगी और दर्शकों को एक बार फिर तृप्ति और तुलसी के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला देखने को मिलेगा। क्योंकि सास भी कभी बहू थी रोज़ रात 10:30 बजे सिर्फ स्टार प्लस पर प्रसारित होगा और इसे कभी भी जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जा सकेगा।