बाएं से दाएं वेंकटेश पांडे और तरुण खन्ना शो के दृश्य में नजर आ रहे हैं।

एकलव्य से गुरु दक्षिणा में अंगूठा मांगने के द्रोणाचार्य के फैसले ने कर्ण को इतना आहत किया कि उन्होंने अपना गुरुकुल छोड़ने का निर्णय ले लिया। सोनी सब के धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' में आने वाले एपिसोड्स में महाभारत का यह महत्वपूर्ण प्रसंग दिखाया जाएगा, जहां गुरु द्रोणाचार्य के फैसले से कर्ण की अपने गुरु के प्रति सोच पूरी तरह बदल जाती है।

धारावाहिक में गुरु द्रोणाचार्य की भूमिका जितेन लालवानी निभा रहे हैं, जबकि कर्ण के किरदार में वेंकटेश पांडे नजर आ रहे हैं। आगामी घटनाक्रम में द्रोणाचार्य गुरु दक्षिणा के रूप में एकलव्य (अर्जुन शुक्ला) से उसका अंगूठा मांगते हैं। उनकी इस अप्रत्याशित मांग से गुरुकुल में मौजूद सभी लोग हैरान रह जाते हैं। वहीं, कर्ण इस फैसले से गहरी निराशा व्यक्त करते हैं। उनके लिए एकलव्य के साथ हुए इस अन्याय को स्वीकार करना मुश्किल हो जाता है।

द्रोणाचार्य के इस व्यवहार से सहमत नहीं होने के कारण कर्ण गुरुकुल छोड़ने का फैसला करते हैं। हालांकि, अपनी शिक्षा जारी रखने और युद्ध कौशल को और विकसित करने का उनका संकल्प बना रहता है। इसी उद्देश्य से कर्ण गुरु परशुराम (तरुण खन्ना) की शरण में पहुंचते हैं। परशुराम, द्रोणाचार्य के भी गुरु हैं। कर्ण उनसे प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने ज्ञान और कौशल को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

इस घटनाक्रम को लेकर कर्ण की भूमिका निभा रहे वेंकटेश पांडे ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, “महाभारत के इतने महत्वपूर्ण प्रसंग का हिस्सा बनना मेरे लिए वास्तव में बहुत खास था। वह दृश्य, जिसमें द्रोणाचार्य एकलव्य से गुरु दक्षिणा के रूप में उसका अंगूठा माँगते हैं, इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक है और मुझे खुशी है कि मैं इसे जीवंत करने का हिस्सा बन सका। इस अनुभव को और भी यादगार बनाने वाली बात यह थी कि इस दृश्य से जुड़े हर कलाकार की भावनात्मक भागीदारी बहुत गहरी थी। पूरे कलाकार दल ने उस पल की गंभीरता को महसूस किया था और आप उस भावनात्मक माहौल को सेट पर भी महसूस कर सकते थे। हमने पूरे दृश्य को एक ही टेक में शूट किया था और वही टेक अंतिम संस्करण में शामिल किया गया। सभी ने अपनी प्रस्तुति में इतनी सच्चाई दिखाई कि यह दृश्य बेहद वास्तविक लगा। कर्ण के लिए यह पल एक महत्वपूर्ण मोड़ बन जाता है और परशुराम की शरण में जाने का उसका निर्णय उसके जीवन के सफर के एक नए और अहम् अध्याय की शुरुआत करता है। मैं उत्साहित हूँ कि दर्शक देखें कि यह कहानी आगे कैसे आगे बढ़ती है।”

अब कहानी में कर्ण के जीवन का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। दर्शकों के सामने यह सवाल होगा कि क्या गुरु परशुराम कर्ण को अपना शिष्य स्वीकार करेंगे और उनके प्रशिक्षण के दौरान कर्ण को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा।

'हस्तिनापुर के वीर' का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात 9:00 बजे सिर्फ सोनी सब पर किया जाता है।