हापुड़ के अनवरपुर फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई सीधी टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त कार, जिसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हापुड़ जिले के अनवरपुर फ्लाईओवर पर बुधवार को कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों में से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ निवासी पांच लोग कार में सवार होकर गुरुग्राम जा रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार अनवरपुर फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद कार में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

हादसे के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

दुर्घटना में अलीगढ़ निवासी अमन और गुरुग्राम निवासी सौरभ मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से दोनों को तत्काल नजदीकी रामा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

घटना की जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि अनवरपुर फ्लाईओवर पर कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर होने की सूचना मिली थी। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags: