विजय सलगांवकर की वापसी ने मचाया कोहराम, सस्पेंस और थ्रिल का ऐसा तूफान दो दिनों में बजट वसूल कर ब्लॉकबस्टर बनी दृश्यम 3|
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाते हुए महज दो दिनों में दुनिया भर में 177 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।
फिल्म 'दृश्यम 3' के एक दृश्य में बारिश के बीच नजर आ रहे मुख्य अभिनेता अजय देवगन।
अजय देवगन की बहुप्रतिक्षित क्राइम-थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई का एक नया तूफान खड़ा कर दिया है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही भारी उत्साह था, जिसने रिलीज के साथ ही उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन किया है। पहले दिन दुनियाभर में ₹92.90 करोड़ की शानदार ग्रॉस कमाई करने वाली इस फिल्म ने शनिवार को दूसरे दिन भी अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी और दुनिया भर में ₹177 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ ही फिल्म ने महज दो दिनों में अपने ₹110 करोड़ के बजट को भी आसानी से वसूल लिया है।
फिल्म ने भारत में भी शानदार बिजनेस करते हुए महज दो दिनों के भीतर ₹100 करोड़ क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, दूसरे दिन शनिवार को फिल्म ने देश भर में 16,868 शोज के माध्यम से ₹53.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹138.60 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹115.50 करोड़ तक पहुंच गया है। विदेशों में भी फिल्म का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है, जहां दूसरे दिन ₹20 करोड़ की ग्रॉस कमाई के साथ दो दिनों का कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन ₹38.50 करोड़ हो गया है। टिकट खिड़की पर दर्शकों की भारी भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुरुआती दो दिनों में ही 45 लाख से अधिक दर्शकों (4,502,040 फुटफॉल) ने सिनेमाघरों में यह फिल्म देखी है। इसके अलावा, 'बुक माय शो' पर भी फिल्म की टिकट बिक्री ने दो दिनों में 20 लाख का अहम आंकड़ा पार कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है।
दूसरे दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की सूची में 'दृश्यम 3' ने कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। इस फिल्म ने यश की 'KGF Chapter 2' (₹46.79 करोड़), 'जवान' (₹46.23 करोड़) और 'गदर 2' (₹43.08 करोड़) जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष फिल्मों की सूची में छठा स्थान हासिल किया है। फिल्म की कहानी 'दृश्यम 2' के बाद आगे बढ़ती है, जहां विजय सलगांवकर और उसके परिवार को एक बार फिर पुलिस की कड़ी जांच का सामना करना पड़ रहा है। इस बार आईजी मीरा और उनके पति के साथ-साथ क्राइम ब्रांच के नए एसपी राजवीर सिंह तोमर और वकील इंद्रजीत शेट्टी नए सबूतों के साथ केस को फिर से खोलते हैं। दर्शकों को यह सस्पेंस और थ्रिल बेहद पसंद आ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में फिल्म के और भी नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है।