मुंबई में आयोजित 'बिग बॉस 20' के ग्रैंड प्रीमियर के दौरान होस्ट सलमान खान ने शो में भाग लेने वाले 18 कंफर्म कंटेस्टेंट्स की सूची का खुलासा किया।


Bigg Boss 20 Contestants List 2026: देश के सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के ग्रैंड प्रीमियर का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सलमान खान एक बार फिर इस लोकप्रिय शो के नए सीजन के साथ टीवी स्क्रीन पर वापसी कर रहे हैं। इस बार शो में टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से लेकर भोजपुरी सिनेमा, म्यूजिक, सोशल मीडिया, स्पोर्ट्स और डिजिटल दुनिया से जुड़े कई चर्चित चेहरे नजर आने वाले हैं।

'बिग बॉस 20' के ग्रैंड प्रीमियर में 18 कंटेस्टेंट्स की एंट्री की जानकारी सामने आई है। इन नामों में कुछ ऐसे चेहरे हैं, जो पहले से ही लाखों-करोड़ों लोगों के बीच लोकप्रिय हैं, जबकि कुछ कंटेस्टेंट्स की पहचान उनके काम और अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियों से बनी है। खास बात यह है कि इन कंटेस्टेंट्स की सोशल मीडिया पॉपुलैरिटी में काफी अंतर है।

इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के आधार पर देखें तो अरिश्फा खान इस लिस्ट में सबसे आगे हैं। वहीं, सबसे कम इंस्टाग्राम फॉलोअर्स रीति तिवारी के हैं, जो बीजेपी नेता और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी की बेटी हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स कम होने का मतलब यह नहीं है कि शो में उनका प्रभाव भी कम होगा। बिग बॉस के घर में दर्शकों का समर्थन और कंटेस्टेंट का गेम कई चीजों पर निर्भर करता है।

बिग बॉस 20 में नया ट्विस्ट, मिलेगी एक्स्ट्रा लाइफलाइन

इस बार 'बिग बॉस 20' में मेकर्स ने एक खास ट्विस्ट भी जोड़ा है। शो में हर कंटेस्टेंट को एक अतिरिक्त लाइफलाइन जीतने का मौका मिलेगा। इसे 'वरदान' या 'जीवनदान' के तौर पर बताया गया है।

इस ट्विस्ट के जरिए कंटेस्टेंट्स को मुश्किल परिस्थितियों में एक अतिरिक्त मौका मिल सकता है। हालांकि इसका इस्तेमाल किस तरह होगा और किस कंटेस्टेंट को इसका फायदा मिलेगा, यह शो के दौरान ही स्पष्ट होगा। ऐसे में इस सीजन में सिर्फ नॉमिनेशन और एविक्शन ही नहीं, बल्कि यह लाइफलाइन भी गेम का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती है।

कब और कहां देख सकेंगे बिग बॉस 20?

सलमान खान रविवार, 6 सितंबर 2026 को 'बिग बॉस 20' के ग्रैंड प्रीमियर के साथ नए सीजन की शुरुआत करेंगे। शो का प्रीमियर रात 9 बजे जीओहोट्सतार पर और रात 10:30 बजे Colors TV पर देखा जा सकेगा।

प्रीमियर एपिसोड के बाद JioHotstar पर शो का 24x7 लाइव प्रसारण भी उपलब्ध रहेगा। यानी दर्शकों को टीवी एपिसोड के अलावा घर के अंदर चल रही गतिविधियों को लाइव देखने का मौका भी मिलेगा।

अब नजर डालते हैं उन 18 नामों पर, जिनकी चर्चा 'बिग बॉस 20' की कंटेस्टेंट लिस्ट में हो रही है। यह रैंकिंग इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के आधार पर है।

 1. अरिश्फा खान – 29.1M फॉलोअर्स

सोशल मीडिया पॉपुलैरिटी के मामले में अरिश्फा खान इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 29.1 मिलियन फॉलोअर्स बताए गए हैं। यानी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। अरिश्फा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने बहुत कम उम्र में मनोरंजन की दुनिया में कदम रखा था। महज 9 साल की उम्र में उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट टीवी पर काम शुरू किया। अरिश्फा 'छल-शह और मात', 'एक वीर की अरदास...वीरा' और 'जिनी और जूजू' जैसे टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने 'पापा बाय चांस' में लीड रोल भी निभाया। एक्टिंग के साथ वह सोशल मीडिया और यूट्यूब पर भी सक्रिय हैं।

2. कनिका मान – 7.3M फॉलोअर्स

टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री कनिका मान  इस रैंकिंग में दूसरे नंबर पर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 7.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। कनिका ने 2016 में 'बढ़ो बहू' से टीवी इंडस्ट्री में डेब्यू किया था। इसके बाद 'गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा' ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। वह 'खतरों के खिलाड़ी 12' का भी हिस्सा रह चुकी हैं। कनिका ने ओटीटी की दुनिया में भी कदम रखा और 'रूहानियत' में नजर आईं। उनके टीवी करियर के अलावा सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी पकड़ है।

3. आम्रपाली दुबे – 6.0M फॉलोअर्स

भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 6 मिलियन फॉलोअर्स बताए गए हैं। आम्रपाली भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं। भोजपुरी फिल्मों में आने से पहले वह हिंदी टेलीविजन पर भी काम कर चुकी हैं। वह भोजपुरी सिनेमा में अपनी लोकप्रियता के लिए जानी जाती हैं। 'बिग बॉस 20' के ग्रैंड प्रीमियर में आम्रपाली का समर्थन करने के लिए भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ के पहुंचने की भी जानकारी दी गई है।

4. ScoutOp उर्फ तन्मय सिंह – 4.4M फॉलोअर्स

ScoutOp यानी तन्मय सिंह गेमिंग और ई-स्पोर्ट्स की दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 4.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।तन्मय PUBG Mobile और BGMI जैसे लोकप्रिय गेम्स के लिए पहचाने जाते हैं। उनका जन्म 30 जुलाई 1996 को हुआ था। वह ई-स्पोर्ट्स से जुड़े रहने के साथ कंटेंट क्रिएशन में भी सक्रिय हैं। गेमिंग की दुनिया से किसी कंटेस्टेंट की बिग बॉस के घर में एंट्री इस सीजन को डिजिटल ऑडियंस के लिए भी खास बना सकती है।

 5. माही विज – 2.2M फॉलोअर्स

टीवी अभिनेत्री और मॉडल माही विज के इंस्टाग्राम पर करीब 2.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उन्हें 'लागी तुझसे लगन' में नकुशा के किरदार के लिए खास पहचान मिली। माही विज रियलिटी शो का भी हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने 'नच बलिए 5' जीता था और 'झलक दिखला जा 4' तथा 'खतरों के खिलाड़ी 7' में भी नजर आई थीं। 2026 में वह 'सेहर होने को है' के जरिए पर्दे पर वापसी को लेकर भी चर्चा में रही हैं।

6. मैरी कॉम – 2.0M फॉलोअर्स

भारतीय खेल जगत की दिग्गज बॉक्सर मैरी कॉम भी 'बिग बॉस 20' की लिस्ट में शामिल हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 2 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

मैरी कॉम छह बार वर्ल्ड एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियनशिप जीतने वाली एकमात्र महिला बॉक्सर के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने शुरुआती सात वर्ल्ड चैंपियनशिप में से हर एक में मेडल जीता और कुल आठ वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल हासिल किए। वह ओलंपिक बॉक्सर और राज्यसभा की पूर्व सदस्य भी रह चुकी हैं। 2020 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

7. गुल्लू उर्फ कुशल तंवर – 1.4M फॉलोअर्स

कुशल तंवर, जिन्हें गुल्लू के नाम से भी जाना जाता है, रियलिटी शो की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। कुशल 'रोडीज डबल क्रॉस' में नजर आए और एल्विश यादव की गैंग का हिस्सा बनकर शो जीता। इसके बाद उन्होंने 'स्प्लिट्सविला सीजन 16' भी अपने नाम किया। बैक-टू-बैक रियलिटी शो जीतने का अनुभव रखने वाले गुल्लू अब बिग बॉस के घर में किस तरह का गेम खेलते हैं, यह देखने वाली बात होगी।

8. ईशा रिखी – 1.1M फॉलोअर्स

पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल ईशा रिखी के इंस्टाग्राम पर करीब 1.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वह पंजाबी और बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी हैं।ईशा ने 2013 में पंजाबी फिल्म 'जट्ट बॉयज पुट जट्टान दे' से एक्टिंग करियर शुरू किया था। वह हाल के समय में अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रही हैं। 'बिग बॉस 20' के एक प्रोमो में ईशा ने कहा है कि वह शो के जरिए लोगों को यह बताना चाहती हैं कि वह एक इंसान के तौर पर कैसी हैं।

 9. उदिति सिंह – 1.0M फॉलोअर्स

उदिति सिंह एक अभिनेत्री और मॉडल हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उदिति चंडीगढ़ से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने लंदन से पढ़ाई की है। वह अभिनेता करण वाही के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी चर्चा में रही थीं। दोनों ने जनवरी 2020 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था, लेकिन अब उनके ब्रेकअप की खबरें सामने आ चुकी हैं। करण वाही के भी शो में आने की चर्चा थी, लेकिन फिलहाल उनका नाम इस लिस्ट में नहीं है।

10. लव गिल – 607K फॉलोअर्स

लवप्रीत कौर गिल उर्फ लव गिल की बिग बॉस में एंट्री 'फैंस का फैसला' पर निर्भर बताई गई है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 607 हजार फॉलोअर्स हैं। लव पंजाब की मॉडल, अभिनेत्री और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं। उनका जन्म 20 दिसंबर 1996 को तरनतारन साहिब, पंजाब में हुआ था।उन्हें करण औजला के म्यूजिक वीडियो 'फैक्ट्स' से पहचान मिली। इसके अलावा वह 'तू पतंग मैं डोर' में लीड रोल कर चुकी हैं। वह कई पंजाबी फिल्मों में भी नजर आई हैं।

11. अमन गांधी – 426K फॉलोअर्स

टीवी अभिनेता और मॉडल अमन गांधी के इंस्टाग्राम पर करीब 426 हजार फॉलोअर्स हैं। 33 वर्षीय अमन को 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में ऋतिक विरानी के किरदार से पहचान मिली। इसके बाद वह 'नागिन 3' और 'भाग्य लक्ष्मी' जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहे। टीवी दर्शकों के बीच उनकी पहले से पहचान है और अब बिग बॉस का मंच उन्हें एक अलग तरह का प्लेटफॉर्म देगा।

12. रिया अहीर – 328K फॉलोअर्स

रिया अहीर 27 वर्षीय मॉडल, अभिनेत्री और एंटरप्रेन्योर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 328 हजार फॉलोअर्स हैं। रिया जुलाई 2026 में उस समय चर्चा में आई थीं, जब मुंबई के शिवाजी पार्क में NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्र प्रदर्शन के दौरान उनकी तस्वीरें सामने आईं। वह पुलिस वैन के सामने खड़ी नजर आई थीं और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं। रिया की बिग बॉस एंट्री भी 'फैंस का फैसला' से जुड़ी बताई गई है।

 13. आसिफ खान – 230K फॉलोअर्स

अभिनेता आसिफ खान को 'पाताल लोक', 'पंचायत' और 'जामताड़ा' जैसी वेब सीरीज में उनके किरदारों के लिए जाना जाता है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 230 हजार फॉलोअर्स हैं। 'पंचायत' में उनके कुछ डायलॉग दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए। वह फिल्मों में भी काम कर चुके हैं और 'भूतनी' तथा 'ककुड़ा' जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। आसिफ एक्टिंग के अलावा कास्टिंग डायरेक्टर और थिएटर अभिनेता के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

14. काज़ी तौकीर – 168K फॉलोअर्स

सिंगिंग रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' के विजेता काज़ी तौकीर भी इस सीजन का हिस्सा बताए जा रहे हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 168 हजार फॉलोअर्स हैं। श्रीनगर से ताल्लुक रखने वाले काज़ी हिंदी के अलावा कश्मीरी और उर्दू में भी गाते हैं। 'फेम गुरुकुल' जीतने के बाद उन्हें कश्मीर में संगीत के क्षेत्र में युवाओं के लिए प्रेरणा के रूप में देखा गया। काज़ी 'फैंटम' फिल्म के लोकप्रिय गाने 'अफगान जलेबी' के वीडियो में भी नजर आए थे।

15. फैसल खान – 157K फॉलोअर्स

अभिनेता और निर्देशक फैसल खान 60 साल के हैं और आमिर खान के भाई हैं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 157 हजार फॉलोअर्स हैं। फैसल ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट 1969 की फिल्म 'प्यार का मौसम' से काम शुरू किया था। बाद में वह 'कयामत से कयामत तक' और 'जो जीता वही सिकंदर' जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। आमिर खान के साथ उन्होंने 'मेला' में भी काम किया। लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद फैसल ने अपने परिवार और आमिर खान को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब बिग बॉस में उनकी मौजूदगी के कारण उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी फिर चर्चा में आ सकती है।

16. Yung DSA – 97.7K फॉलोअर्स

पुणे के हिप-हॉप आर्टिस्ट Yung डीएसए का असली नाम हर्ष विजय मचारे है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 97.7 हजार फॉलोअर्स हैं। वह देसी हिप-हॉप को मराठी संस्कृति, लोक संगीत और स्थानीय स्ट्रीट स्टाइल के साथ जोड़ने के लिए जाने जाते हैं। उनका रैप ट्रैक 'Yeda Yung' सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। बिग बॉस में उनकी एंट्री से शो में म्यूजिक और हिप-हॉप का रंग देखने को मिल सकता है।

17. रोहेद खान – 27.3K फॉलोअर्स

रोहेद खान ऑस्ट्रियाई अभिनेता और मॉडल हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 27.3 हजार फॉलोअर्स बताए गए हैं। वह अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' के अलावा 'सरजमीन' और 'तेजस' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। रोहेद हिंदी, अंग्रेजी और जर्मन भाषा के प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं। एक्टिंग के साथ उन्हें मार्शल आर्ट्स में भी रुचि है और वह कराटे में सेकंड-डिग्री ब्लैक बेल्ट रखते हैं।

18. रीति तिवारी – 15.9K फॉलोअर्स

सोशल मीडिया फॉलोअर्स के हिसाब से रीति तिवारी इस लिस्ट में सबसे आखिरी स्थान पर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 15.9 हजार फॉलोअर्स हैं।

रीति, भोजपुरी अभिनेता और राजनेता मनोज तिवारी की बेटी हैं। उनका जन्म 23 जून 2001 को हुआ था। वह सिंगर, सॉन्गराइटर, कंपोजर और प्रोड्यूसर के तौर पर काम करती हैं। रीति का अपना यूट्यूब चैनल भी है। इसके अलावा वह 'रीति स्पोर्ट्स' की डायरेक्टर और एक ज्वेलरी कंपनी की को-फाउंडर हैं। 2024 में उन्होंने अपने पिता मनोज तिवारी की राजनीतिक पार्टी बीजेपी की सदस्यता भी ली थी। इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में वह बाकी कंटेस्टेंट्स से काफी पीछे हैं, लेकिन बिग बॉस के घर में सोशल मीडिया नंबर ही सब कुछ तय नहीं करते। उनकी पहचान और भोजपुरी दर्शकों से जुड़ाव उन्हें अलग तरह का समर्थन दिला सकता है।

कौन है सबसे आगे और कौन सबसे पीछे?

अगर सिर्फ इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की बात करें तो अरिश्फा खान 29.1 मिलियन फॉलोअर्स के साथ सबसे आगे हैं। उनके बाद कनिका मान के 7.3 मिलियन, आम्रपाली दुबे के 6 मिलियन और ScoutOp के 4.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।दूसरी तरफ रीति तिवारी 15.9 हजार फॉलोअर्स के साथ इस रैंकिंग में सबसे नीचे हैं। उनके बाद रोहेद खान और Yung DSA का नंबर आता है।

हालांकि बिग बॉस में सोशल मीडिया फॉलोअर्स हमेशा जीत की गारंटी नहीं होते। शो के अंदर कंटेस्टेंट का व्यवहार, टास्क में प्रदर्शन, रिश्ते, रणनीति और दर्शकों के साथ जुड़ाव भी काफी महत्वपूर्ण होते हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन 18 चेहरों में से कौन बिग बॉस के घर में सबसे मजबूत गेम खेलेगा। क्या सोशल मीडिया की सबसे बड़ी फैन फॉलोइंग रखने वाली अरिश्फा खान इसका फायदा उठा पाएंगी? क्या रियलिटी शो के अनुभवी गुल्लू एक बार फिर ट्रॉफी तक पहुंचेंगे? क्या मैरी कॉम की खेल भावना घर के गेम में भी दिखाई देगी? या फिर कम फॉलोअर्स वाले कंटेस्टेंट्स अपने प्रदर्शन से सभी को पीछे छोड़ देंगे?

इन सवालों के जवाब 'बिग बॉस 20' के सफर के साथ सामने आएंगे। फिलहाल दर्शकों की नजरें 6 सितंबर की रात होने वाले ग्रैंड प्रीमियर पर टिकी हैं, जहां सलमान खान इन कंटेस्टेंट्स का स्वागत करेंगे और नए सीजन के गेम की शुरुआत होगी।