अनिल कपूर ने फिल्म 'साहेब' को बताया अपने करियर का सबसे बेहतरीन काम
शो के दौरान रुपाली गांगुली ने अनिल कपूर के संघर्ष और उनके पिता अनिल गांगुली के साथ काम करने की यादें ताजा कीं।
गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ के मंच पर बाएं से रुपाली गांगुली और दाएं अभिनेता अनिल कपूर नजर आ रहे हैं।
मुंबई, अक्टूबर 2026: अभिनेता अनिल कपूर ने फिल्म ‘साहेब’ से जुड़ी एक ऐसी भावुक याद साझा की, जिसने उनके अभिनय सफर के सबसे यादगार पलों में जगह बनाई। स्टार प्लस के लोकप्रिय गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में इस वीकेंड अनुपमा के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वालीं रुपाली गांगुली अनिल कपूर के साथ नजर आएंगी। बातचीत और हंसी-मजाक के दौरान रुपाली के आने से अनिल कपूर को उनके पिता अनिल गांगुली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘साहेब’ के दिन याद आ गए। अनिल कपूर ने इस फिल्म को अपने करियर का सबसे बेहतरीन काम बताया और खुलासा किया कि एक भावुक सीन की शूटिंग पूरी होने के बाद वह अपने आंसू नहीं रोक पाए थे।
रुपाली गांगुली का स्वागत करते हुए अनिल कपूर ने उनके पिता अनिल गांगुली के साथ काम करने के अनुभव को याद किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘साहेब’ का मशहूर गाना ‘प्यार बिना चैन कहाँ रे’ भी गुनगुनाया। फिल्म और अपने अनुभवों के बारे में बात करते हुए अनिल कपूर ने कहा, “अनिल गांगुली जी के साथ मैंने एक सुपरहिट फिल्म की थी, जिसका नाम था ‘साहेब’। वे बहुत अच्छे और प्यारे इंसान थे। लोग मेरी कई फिल्मों में मेरे काम की तारीफ करते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि मेरा सबसे अच्छा काम ‘साहेब’ में था। और आज उनकी बेटी मेरे साथ खड़ी है, जिसने पूरे हिंदुस्तान के घर-घर में अपनी पहचान बना ली है।”
इस बातचीत के दौरान रुपाली गांगुली ने भी अनिल कपूर के काम के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता अक्सर अनिल कपूर के बारे में बातें किया करते थे। रुपाली ने फिल्म ‘साहेब’ के दौरान अभिनेता के सीमित कपड़ों और उनके अभिनय के प्रति लगन का जिक्र करते हुए कहा, “सर, पापा हमेशा आपकी बातें करते थे। ‘साहेब’ में आपके पास एक ट्रैकसूट और दो शर्ट थीं, एक सफेद और एक लाल चेक वाली। बहुत सारे कपड़े नहीं थे, लेकिन काम के प्रति आपके समर्पण से हमने बहुत कुछ सीखा है। वह सीन, जिसमें आप पैसे लेकर बैठे हैं और उन्हें लौटाने के लिए नौकरी माँगते हैं, हमारे लिए अपने आप में अभिनय की पूरी पाठशाला था, सर।”
रुपाली की बात सुनकर अनिल कपूर ने उस दृश्य को याद किया, जिसमें उनका किरदार पैसे लौटाने के लिए नौकरी मांगता है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म के उनके पसंदीदा दृश्यों में से एक है। इस सीन में किरदार अपने जज्बातों पर काबू रखने की कोशिश करता है, लेकिन शूटिंग पूरी होने के बाद अभिनेता खुद को भावुक होने से नहीं रोक पाए।
अनिल कपूर ने कहा, “वे मेरे पसंदीदा सीन्स में से एक है। वह सीन करने के बाद मैं फूट-फूटकर रोया था। सीन में मेरा किरदार अपने जज़्बातों पर काबू रखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शूटिंग खत्म होते ही मैं रो पड़ा। बहुत अच्छा सीन था।”
फिल्म ‘साहेब’ से जुड़ी यह याद रुपाली गांगुली और अनिल कपूर के बीच हुई बातचीत का खास हिस्सा होगी। दर्शक ‘इंडिया के टॉप 1% - द अनिल कपूर शो’ इस वीकेंड रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं।