डीग में सिनसिनी-सैत सड़क की बदहाली से ग्रामीण नाराज, आंदोलन की चेतावनी

डीग में सैत-सिनसिनी सड़क की खराब हालत से ग्रामीण परेशान हैं। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Update: 2026-07-10 15:04 GMT

डीग जिले में सिनसिनी-सैत मार्ग पर सड़क की जर्जर स्थिति और जगह-जगह भरा पानी।

डीग जिले के गांव सिनसिनी से सैत वाली सड़क की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने सड़क मार्ग की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष श्वेता यादव ने बताया कि सैत से सिनसिनी तक जाने वाली सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण आमजन, किसान, छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सैत से सिनसिनी तक जाने वाली यह सड़क स्वीकृत है, लेकिन कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और प्रशासन को सड़क की दुर्दशा से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की उदासीनता और लापरवाही को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

जिलाध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव और ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द ही सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर सार्वजनिक निर्माण विभाग डीग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जन आंदोलन किया जाएगा।

Tags:    

Similar News