वाराणसी के बड़ी पियरी इलाके में विवाहिता से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने आरोपी किराएदार को गिरफ्तार किया।  

वाराणसी के बड़ी पियरी इलाके में किराए के मकान में रहने वाली एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसी मकान में दूसरे कमरे में किराए पर रहने वाला युवक महिला को जबरन अपने कमरे में खींचकर ले गया और उसके साथ ज्यादती की। पीड़िता की शिकायत पर थाना चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने पति और पांच साल के बच्चे के साथ मकान में किराए पर रहती है। गुरुवार की सुबह उसका पति काम पर चला गया था। उस समय विवाहिता अपनी बच्ची के साथ घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस के कमरे में किराए पर रहने वाले राजन कुमार ने महिला के अकेले होने का फायदा उठाया।

आरोप है कि राजन कुमार विवाहिता को घसीटकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला ने अपने पति को इसकी जानकारी दी। पति ने तत्काल डायल 112 पुलिस और पुलिस चौकी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी प्रवीण सचान मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर में आरोपित राजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया। बड़ी पियरी में किराए के मकान में हुई इस घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की है।