भूपालसागर में वीबीजीरामजी योजना शुरू, अब श्रमिकों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार

योजना में अब 100 की जगह 125 दिन का रोजगार मिलेगा और भुगतान में देरी होने पर सरकार ब्याज सहित राशि देगी।

Update: 2026-07-02 15:03 GMT

भूपालसागर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण अपने हाथों में 'वीबीजीरामजी' योजना से संबंधित पोस्टर प्रदर्शित करते हुए।

भूपालसागर ब्लॉक में गुरुवार को 'वीबीजीरामजी' योजना का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निवर्तमान प्रधान एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमेन्द्र सिंह राणावत रहे, जबकि अध्यक्षता भूपालसागर ग्राम पंचायत के प्रशासक प्यारचन्द भील ने की।

कार्यक्रम में निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य सुरेशचन्द्र गाडरी, वार्ड पंच प्रतिनिधि मोहन लाल जाट, सहायक कृषि अधिकारी प्रभु लाल खटीक, पंचायत समिति की कनिष्ठ अभियंता प्रेरणा चौहान, तकनीकी सहायक मुकेश टेलर, शुभम प्रजापत, राजीव सिंह, मुकेश पूर्बिया, अजय सिंह चौहान एवं गजेंद्र टांक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्मिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि हेमेन्द्र सिंह राणावत ने सभी उपस्थित लोगों का 'राम-राम' कहकर अभिवादन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना का नाम अत्यंत पवित्र एवं सकारात्मक है, क्योंकि इसमें 'राम' का नाम समाहित है।

राणावत ने बताया कि योजना में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पहले श्रमिकों को 100 दिनों का रोजगार मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी तकनीकी कारण से कोई श्रमिक कार्य से वंचित रह जाता है तो सरकार की ओर से उसे भत्ता भी दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना का 60 प्रतिशत व्यय केंद्र सरकार तथा 40 प्रतिशत व्यय राज्य सरकार वहन करेगी। श्रमिकों का भुगतान एक सप्ताह के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। यदि भुगतान में देरी होती है तो सरकार नियमानुसार ब्याज सहित राशि का भुगतान करेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक श्रमिक को उसकी मेहनत की पूरी मजदूरी समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत समिति के निवर्तमान सदस्य सुरेशचन्द्र गाडरी ने कहा कि पहले लोग योजना के पुराने नाम 'नरेगा' को लेकर मजाकिया टिप्पणियां करते थे, लेकिन अब 'राम' नाम जुड़ने से योजना के प्रति सकारात्मक भाव पैदा हुआ है और यह अधिक जनकल्याणकारी साबित होगी।

इससे पूर्व अतिथियों का तिलक लगाकर एवं उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने योजना से संबंधित पोस्टरों का विमोचन किया। भूपालसागर ग्राम पंचायत के प्रशासक प्यारचन्द भील ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। योजना के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के श्रमिकों को बढ़े हुए रोजगार दिवस, समयबद्ध भुगतान और निर्धारित प्रावधानों का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

Tags:    

Similar News