महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में करंट लगने से जान गंवाने वाली 14 वर्षीय स्कूली छात्रा यज्ञा प्रकाश देवरे की फाइल फोटो।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में इलेक्ट्रिक हीटर से पानी गर्म करते समय करंट लगने से 14 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा जयभवानीनगर इलाके में हुआ, जहां नहाने के लिए पानी गर्म करते समय छात्रा बिजली की चपेट में आ गई। मृतका की पहचान यज्ञा प्रकाश देवरे के रूप में हुई है। वह नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, यज्ञा ने नहाने के लिए पानी गर्म करने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक हीटर चालू किया था। इसी दौरान वह भूल गई कि हीटर चालू है। उसे इस बात का अंदाजा नहीं रहा कि पानी में बिजली का खतरा मौजूद है। इसी बीच उसने बाल्टी में भरे पानी में हाथ डाल दिया। इससे उसे जोरदार करंट लगा और वह चीख पड़ी।

यज्ञा की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

बताया जा रहा है कि यज्ञा के चाचा का बुलढाणा में निधन हो गया था। परिवार को उनके तेरहवीं के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह जल्दी निकलना था। इसी वजह से घर में नहाने के लिए पानी गर्म किया जा रहा था। हालांकि, इस दौरान हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

देवरे परिवार पहले ही यज्ञा के चाचा के निधन से दुखी था। अब बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। इलेक्ट्रिक हीटर से पानी गर्म करते समय हुई यह दुर्घटना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बन गई।

Tags: