मुंबई में राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के कार्यालय भवन तथा बाजार में तेजी को दर्शाते हुए हरे रंग के ग्राफिक्स का दृश्य।

घरेलू शेयर बाजार में आज सोमवार को शानदार तेजी देखने को मिली है, जिससे निवेशकों को बड़ी राहत मिली है। पिछले आठ हफ्तों से लगातार जारीि गिरावट के बाद आखिरकार बाजार ने बढ़त की रफ्तार पकड़ ली है। कारोबार की शुरुआत में ही तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 400 अंक उछलकर 72,340.95 के स्तर पर खुला, जबकि पचास शेयरों वाला निफ्टी 22,532.40 के स्तर पर हरे निशान में कारोबार करता हुआ नजर आया।

बाजार खुलते ही शुरुआती आंकड़ों के अनुसार सेंसेक्स के तीस शेयरों में से 17 शेयरों में तेजी और 13 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे अधिक 1.82 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली, जबकि टेक महिंद्रा के शेयरों में 1.36 प्रतिशत की सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों बाद यानी सुबह 9:34 बजे तक सेंसेक्स में 600 अंकों से अधिक की जबरदस्त तेजी आ चुकी थी और यह 72,510.06 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। बाजार के जानकारों और एक्सपर्ट्स का मानना है कि लंबे समय की मंदी के बाद आई इस तेजी से निवेशकों का कॉन्फिडेंस बढ़ा है और आने वाले सत्रों में बाजार की चाल सकारात्मक रहने की उम्मीद है।