भीलवाड़ा में अग्निवीरों का भव्य स्वागत, विधायक ने किया अभिनंदन
भीलवाड़ा के पांसल रोड स्थित बालाजी मंदिर में चयनित अग्निवीरों का सम्मान किया गया, जहां विधायक और संतों ने उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
भीलवाड़ा के पांसल रोड स्थित बालाजी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अशोक कुमार कोठारी और अन्य उपस्थित गणमान्य व्यक्ति अग्निवीर का स्वागत करते हुए।
भीलवाड़ा, 26 जून। अग्निपथ योजना के अंतर्गत चयनित होकर प्रथम बार भीलवाड़ा आगमन पर अग्निवीर लोकेंद्र सिंह एवं जोगेंद्र सिंह (पुत्र भगवान सिंह) का पांसल रोड स्थित बालाजी मंदिर में भव्य अभिनंदन और स्वागत किया गया। इस गरिमामयी आयोजन में अग्निवीरों के साहस और देशप्रेम को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर बाबू गिरी जी महाराज, हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास जी महाराज, पंचमुखी दरबार रीको के पुजारी मुरारी पांडे तथा गोवत्स लाल जी महाराज का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने दोनों अग्निवीरों का माला पहनाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में विधायक कोठारी ने कहा कि देश की रक्षा का अवसर प्रत्येक युवा के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने अग्निवीरों का आह्वान करते हुए कहा कि वे 'मां भारती' की सेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं। कोठारी ने बल देते हुए कहा कि पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही राष्ट्र सेवा का श्रेष्ठ मार्ग है, जिससे वे देश का नाम गौरवान्वित कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने दोनों अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके सफल एवं सुरक्षित सैन्य जीवन के लिए शुभाशीष प्रदान किया। इस समारोह में सेवानिवृत्त सेना अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, बाबूलाल टाक, पृथ्वीराज सिंह, महेंद्र प्रजापत तथा राजेंद्र शर्मा सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, बल्कि देश के प्रति समर्पण की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान करने वाला रहा।