भुसावर: श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन श्रीकृष्ण बाल लीला और गोवर्धन पूजा का वर्णन
भरतपुर के भुसावर में आयोजित भागवत कथा के पांचवें दिन पंडित पुष्पेंद्र मिश्र ने कृष्ण जन्म, माखन चोरी और कंस वध के प्रसंग सुनाए।
भरतपुर के भुसावर कस्बे में स्थित बादशाह की हौद मोक्षधाम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान स्वरूप सजे बालक और उपस्थित श्रद्धालु।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर कस्बे में पहली बार सुहारी सड़क मार्ग स्थित बादशाह की हौद मोक्षधाम में पितृ आह्वान में संकल्प हेतु समस्त कस्बा वासियों और आयोजक श्री ठाकुर ठाकुरानी के नेतृत्व में आयोजित की जा रही संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में पांचवें दिवस के अवसर पर भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा और कंस वध प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा वाचक पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कथा के दौरान पण्डित पुष्पेन्द्र मिश्र ने नन्दलाल की माखन चोरी, ग्वाल बालों के साथ खेल और माता यशोदा के वात्सल्य भाव का मनमोहक चित्रण प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रोता भावविभोर हो उठे। वहीं गोवर्धन पूजा प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि भगवान श्री कृष्ण ने इन्द्र के अहंकार का नाश कर प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का संदेश दिया।
कथा पंडाल में गोवर्धन गिरिराज जी की भव्य झांकी भी सजाई गई, जिसके दर्शन कर उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं मांगीं और गोवर्धन पूजा करते हुए भजनों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कथा स्थल पर पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया।
पितृ आह्वान संकल्प हेतु बादशाह की हौद मोक्षधाम में चल रही इस संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस का समापन आरती के उपरांत हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं को पुआ, पकोड़ी, छप्पन भोग, कढ़ी आदि स्वरूप में प्रसादी वितरण किया गया।
इस अवसर पर सम्पूर्ण आयोजन भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा, जहां श्रीकृष्ण की लीलाओं ने उपस्थित जनसमूह को धर्म और संस्कृति से गहराई तक जोड़ दिया।