बयाना में एसबीआई शाखा भवन में आग, पूर्व सैनिक गार्ड करतार सिंह की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बयाना एसबीआई शाखा की दूसरी मंजिल पर आग से हड़कंप, गार्ड करतार सिंह ने कर्मचारियों को बचाया, दमकल व पुलिस ने संभाला मोर्चा।
तस्वीर में दिख रही दो मंजिला इमारत की ऊपरी छत और खिड़कियों से काले रंग का धुआं निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।
कस्बे के आर्य समाज रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा की बिल्डिंग में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने का कारण लाइट में स्पार्क से एसी में ब्लास्ट बताया जा रहा है। आग बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां बैंक का लोन सेक्शन संचालित होता है।
आग की सूचना मिलते ही एसबीआई गार्ड करतार सिंह, जो पूर्व सैनिक हैं, ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बैंक परिसर को कर्मचारियों एवं ग्राहकों से खाली करा दिया। इसके बाद उन्होंने अग्निशमन यंत्र लेकर दूसरी मंजिल पर पहुंचकर अकेले ही सिलेंडर चालू कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। इस दौरान आग फैलती देख बैंक के अन्य कर्मचारी भी अपने-अपने स्तर पर प्रयास करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। इसी दौरान बयाना कोतवाली थाना प्रभारी राम गिलास गुर्जर मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की।
आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और आग बुझाने का कार्य जारी है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। वहीं पूर्व सैनिक एवं एसबीआई गार्ड करतार सिंह की सूझबूझ और साहस की लोग सराहना कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बड़ा हादसा टालने में अहम भूमिका निभाई।