अंता में कपड़ा व्यापारी के घर 5.50 लाख नकदी और जेवर चोरी, चोरों की गिरफ्तारी की मांग तेज
अंता में कपड़ा व्यापारी के घर हुई लाखों की चोरी के बाद पंजाबी समाज और व्यापार महासंघ ने पुलिस से चोरों की गिरफ्तारी व बरामदगी की मांग की।
बारां में पंजाबी समाज और व्यापार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने चोरी की घटना के विरोध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
बारां जिले के अंता कस्बे में कोटा-बारां रोड स्थित पंजाबी कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यापारी मनोज बत्रा के घर हुई लाखों रुपए की चोरी की घटना को लेकर पंजाबी समाज एवं व्यापार महासंघ ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ को ज्ञापन सौंपकर चोरी की गई नकदी और जेवरात बरामद करने तथा वारदात में शामिल चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पंजाबी समाज एवं बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा ने बताया कि अंता की पंजाबी कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यापारी मनोज बत्रा के घर से मंगलवार प्रातः आपराधिक तत्व 4 क्विंटल वजनी भारी तिजोरी, 5.50 लाख रुपए नगद, दो सोने की चेन और तीन सोने की अंगूठियां सहित अन्य सामग्री चोरी कर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से इस संबंध में मंगलवार को ही अंता थाना में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई थी, लेकिन अभी तक न तो चोरों का कोई सुराग लग पाया है और न ही चोरी किए गए रुपए एवं जेवर बरामद हुए हैं।
पंजाबी समाज एवं व्यापार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त जिला पुलिस उपअधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ को घटना की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने वारदात में लिप्त चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी किए गए रुपए व जेवरात की शीघ्र बरामदगी की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपअधीक्षक को बताया कि चोरी की घटना को लेकर पंजाबी समाज बारां जिला और व्यापार जगत में भारी आक्रोश व्याप्त है। पंजाबी समाज एवं व्यापार महासंघ ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से जिले में आए दिन बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने और इस बड़ी चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए चोरों की गिरफ्तारी एवं चोरी की सामग्री बरामद करने की मांग की।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा ने कहा कि अब ऐसा लग रहा है कि पुलिस का स्लोगन "आमजन में विश्वास, चोरों में भय" की जगह "चोरों में विश्वास व आमजन में भय" व्याप्त हो रहा है।
इस मौके पर पंजाबी समाज के पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र झाम्ब, सेनकुमार अदलक्खा, पदम पिपलानी, गुलशन अदलक्खा, रितेश कोहली, राजेंद्र डंग, मनोज बाठला, नरेंद्र बत्रा, अशोक अदलक्खा, रमेश गेरा (मुन्ना), हंसराज खत्री, लाजपत अरोड़ा, मनोज पिपलानी, सुरेंद्र पिपलानी, समीर गेरा सहित समाज के बंधु तथा व्यापार महासंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अतिरिक्त जिला पुलिस उपअधीक्षक कमल कुमार जांगिड़ ने आश्वासन दिया कि पुलिस शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर उनसे नगदी और जेवर बरामद करने के सकारात्मक प्रयास करेगी।