अमरावती: मोर्शी में फसल खराब होने और कर्ज से परेशान किसान ने की खुदकुशी
चिखलसावंगी गांव में बारिश न होने से तूर, कपास और सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई थी, बैंक और बचत समूह का कर्ज चुकाने को लेकर चिंतित थे सचिन चोपडे।
तस्वीर में अमरावती के किसान सचिन अरुण चोपडे चेक शर्ट पहने हुए नजर आ रहे हैं।
अमरावती। मोर्शी तहसील के चिखलसावंगी गांव में 42 वर्षीय किसान सचिन अरुण चोपडे ने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मोर्शी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को ग्रामीण अस्पताल मोर्शी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सचिन चोपडे ने अपने चार एकड़ कोरडवाहू खेत में तूर, कपास और सोयाबीन की फसल खड़ी की थी। इस वर्ष बारिश नहीं आने के कारण उनकी पूरी फसल खराब हो गई। फसल खड़ी करने के लिए लिया गया बैंक का कर्ज और बचत समूह का कर्ज कैसे चुकाया जाए, इसे लेकर मृतक किसान सचिन चिंतित रहते थे।
घटना के दिन वैफल्यग्रस्त स्थिति में सचिन खेत पर गए और पेड़ से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। इस घटना की जानकारी मिलते ही मोर्शी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और मृतदेह को ग्रामीण अस्पताल मोर्शी भेज दिया।
मामले की आगे की जांच मोर्शी पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।