देश को अपनी सुरक्षा के मामले में आत्मनिर्भर होना पड़ेगा: मोहन भागवत

Pratahkal    07-Jun-2025
Total Views |

mumbai
मुंबई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देश को अपनी सुरक्षा के मामले में आत्मनिर्भर होना पड़ेगा। इसके साथ ही मोहन भागवत ने समाज को भी आपसी भ्रम दूर कर एक रहने की सलाह दी। क्योंकि देश को असली मजबूती आपसी एकता से ही मिल सकती है। मोहन भागत नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग (द्वितीय) के समापन समारोह का संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर बोलते हुए मोहन भागवत ने हाल के ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि पहलगाम की घटना के बाद लोगों के मन में रोष था। लोग चाहते थे कि पाकिस्तान को सबक सिखाया जाए। उसके अनुरूप सबक सिखाया भी गया। दुश्मन को सबक सिखाने के दौरान हमें एक ओर अपने रक्षा अनुसंधान एवं तैयारियों को देखकर संतुष्टि हुई, तो दूसरी ओर समाज के सभी वर्गों में दिखाई दे रहे एकता के दृश्य ने भी संतुष्टि प्रदान की है। ये दृश्य यदि चिरस्थायी होता है, तो यह देश के लिए बड़ा संबल साबित होगा। संघ संघचालक ने पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा कि हम तो सत्य-अहिंसा का पालन करने वाले देश हैं। कोई हमारा दुश्मन नहीं है। लेकिन दुनिया में दुष्ट लोग भी होते ही हैं। इसके लिए हमें पूर्ण सजग रहना पड़ेगा।