मुंबई। झवेरी बाजार स्थित एक जूलरी कारोबारी से लिए गए 12 करोड़ 78 लाख रुपये के हीरे और विभिन्न सोने-चांदी के आभूषण लेकर एक जूलरी कारोबारी फरार हो गया। इस मामले में बिरजू सल्ला नामक आरोपी जूलरी कारोबारी के खिलाफ एल. टी. मार्ग पुलिस ने गबन और ठगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
इस मामले में शिकायतकर्ता मरीन ड्राइव इलाके में रहते हैं और उनकी झवेरी बाजार में एक जूलरी शॉप है। वहीं, बिरजू के पिता किशोरकुमार सल्ला की ‘क्रिश’ नाम से जूलरी शॉप है। पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच कारोबारी संबंध थे। शिकायतकर्ता के भाई का बिरजू काफी पहले से दोस्त था और यही वजह थी कि बिरजू पर शिकायतकर्ता को काफी भरोसा था। पिछले वर्ष नवंबर में बिरजू उनकी जूलरी शॉप में आया था। उन्होंने कुछ अच्छे ग्राहक होने की बात कहकर पुराने काटे गए सोने के आभूषण, हीरे और चांदी के बर्तनों की आवश्यकता बताई थी। वह उनका परिचित और व्यावसायिक मित्र होने के कारण उन्हें 15 करोड़ रुपये के विभिन्न सोने के आभूषण, चांदी के बर्तन और हीरे यह माल क्रेडिट पर दिया गया था। इनमें से 9 करोड़ 48 लाख रुपये के आभूषण और हीरे उन्होंने लौटा दिए थे। लेकिन, शेष आभूषणों व हीरों का भुगतान उनकी ओर से नहीं किया गया। पूछताछ करने पर वह अलग-अलग कारण बताते हुए उन्हें टालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक घर से कहीं गायब हो गया। तब उसके पिता ने उसकी गुमशुदगी का मामला गावदेवी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया था।
इस घटना के बाद उन्होंने एल. टी. मार्ग पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देकर बिरजू सल्ला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की सच्चाई की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ पुलिस ने विश्वासघात और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बिरजू सल्ला मुंबई छोड़कर फरार हो गया है, इसलिए उसकी तलाश पुलिस द्वारा शुरू है।