मुंबई। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा मंडल (राज्य बोर्ड) द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की परीक्षा के नतीजे 5 मई को दोपहर 1 बजे ऑनलाइन घोषित किए गए। 12वीं बोर्ड की इस परीक्षा में राज्य भर से 15 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस साल 2025 का कक्षा 12वीं का रिजल्ट 91.88 प्रतिशत रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस साल के रिजल्ट में 1.49 प्रतिशत की कमी आई है। महाराष्ट्र में हमेशा की तरह 9 संभागीय बोर्डों में सबसे ज्यादा 96.74 प्रतिशत रिजल्ट कोंकण संभाग का रहा और सबसे कम 89.46 प्रतिशत रिजल्ट लातूर संभाग का रहा। 92.93 प्रतिशत विद्यार्थी मुंबई संभाग में पास हुए। लड़कियों का पास प्रतिशत 94.58 प्रतिशत और लड़कों का पास प्रतिशत 89.51 प्रतिशत रहा है। यानी हमेशा की तरह लड़कियों ने ही नतीजों में बाजी मारी है। लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से 5.07 प्रतिशत अधिक है। कक्षा 12वीं में कुल 154 विषयों की परीक्षा हुई थी। इनमें से 37 विषयों में 100 प्रतिशत परिणाम आए हैं। खिलाड़ियों, एनसीसी, स्काउट गाइड के छात्रों को सरकार के निर्णय के अनुसार अतिरिक्त रियायती अंक दिए गए हैं।