हीरा ठग Mehul Choksi गिरफ्तार; भारत की बड़ी जीत!

हीरा कारोबारी Mehul Choksi बेल्जियम में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज़!

Pratahkal    14-Apr-2025
Total Views |
हीरा ठग Mehul Choksi गिरफ्तार; भारत की बड़ी जीत!
 
 
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से 13,500 करोड़ रुपये के मेगा लोन फ्रॉड में वांछित हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील पर शनिवार, 12 अप्रैल 2025 को की गई। गिरफ्तारी के बाद 65 वर्षीय चोकसी को जेल में रखा गया है और भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर तेज़ी से काम हो रहा है।
चोकसी, जो साल 2018 में अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ भारत से फरार हो गया था, एंटवर्प, बेल्जियम में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था। प्रीति के पास बेल्जियम की नागरिकता है, जबकि रिपोर्ट्स के अनुसार, मेहुल के पास 'एफ रेजीडेंसी कार्ड' है, जो उसे बेल्जियम में अस्थायी निवास की सुविधा देता है। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में इलाज के बहाने एंटीगुआ से बेल्जियम आया था।
 
अदालत के वारंट के आधार पर हुई गिरफ्तारी :
 
बेल्जियम पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के वक्त मुंबई की एक अदालत द्वारा जारी दो गिरफ्तारी वारंटों का हवाला दिया। ये वारंट क्रमश: 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए गए थे। ऐसे में बेल्जियम में उसकी गिरफ्तारी भारत की न्यायिक प्रक्रिया के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
 
चोकसी की संभावित दलीलें :
 
हालांकि, चोकसी की ओर से स्वास्थ्य कारणों और अन्य निजी आधारों पर जमानत और तत्काल रिहाई की मांग की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले भी वह कई बार अपने खराब स्वास्थ्य और मानवाधिकारों का हवाला देकर भारत प्रत्यर्पण से बचता रहा है।
 
भारत का सबसे बड़ा बैंकिंग घोटाला :
 
13,500 करोड़ रुपये के इस फ्रॉड को भारत के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा बैंक घोटाला माना जाता है। इस घोटाले की जांच CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) कर रहे हैं। मामले में मेहुल चोकसी के भतीजे नीरव मोदी भी आरोपी हैं, जो इस वक्त लंदन में छिपा हुआ है, और भारत उसका प्रत्यर्पण करवाने की कोशिश कर रहा है।
कब और कैसे भागा था चोकसी ?
 
जनवरी 2018 में, जब पीएनबी घोटाले की परतें खुलनी शुरू हुई थीं, उससे कुछ दिन पहले ही मेहुल चोकसी और नीरव मोदी देश छोड़कर भाग गए थे। चोकसी ने 2017 में एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी। साल 2021 में, जब वह क्यूबा जाने की कोशिश कर रहा था, उसे डोमिनिका में पकड़ा गया था। उस दौरान भी उसने कहा था कि यह सब राजनीतिक साजिश है और ईडी ने अवैध रूप से उसकी संपत्तियाँ जब्त की हैं।
 
भारत वापसी की उम्मीद :
 
अब जबकि मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ़्तार किया गया है, भारत के लिए उसका प्रत्यर्पण एक कूटनीतिक और कानूनी चुनौती होगा, लेकिन इस बार सरकार और जांच एजेंसियाँ पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही हैं। यदि चोकसी को भारत लाया जाता है, तो यह सरकार और न्याय व्यवस्था की एक बड़ी जीत मानी जाएगी।