ठाणे। महाराष्ट्र में आए दिन अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ा जा रहा है। हाल ही में नागपुर और मुंबई से भी अवैध बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें महिला, पुरूष भी शामिल है, जिन्हें अब सुरक्षा के लिए खतरा बताया जा रहा है। महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि ठाणे पुलिस की मानव तस्करी निरोधक शाखा ने ठाणे पश्चिम के मनोर पाड़ा इलाके में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी मूल की 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि अवैध प्रवासियों को किराए पर अपना मकान देने वाले मालिक की तलाश की जा रही है।
महिलाओं की पहचान
गिरफ्तार की गई महिलाओं में शाजिदा खातून, उम्र 38 वर्ष, शालिना मुल्ला, उम्र 50 वर्ष, रत्ना खातून, उम्र 40 वर्ष और रेशमा ढाली, उम्र 40 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने इन महिलाओं के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने इन महिलाओं के अवैध बांग्लादेशी अप्रवासी होने की जानकारी होने के बावजूद इन महिलाओं को अपना घर किराए पर देने के लिए उनके मकान मालिक नितिन कोंडिलकर पर भी विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि इससे पहले नागपुर के यशोधरानगर में पुलिस ने 2 बांग्लादेशी भाइयों को गिरफ्तार किया था। उनके पास नागपुर के रहवासी होने के दस्तावेजों के साथ बांग्लादेशी नागरिक होने के भी दस्तावेज मिले थे। भारत में बनाया गया उनका पासपोर्ट अब रद्द करके उन्हें वापस बांग्लादेश भेजने की तैयारी की जा रही है।
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने दावा किया है कि भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक और रोहिंग्या सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी चिंता का विषय हैं और यह समाज का इस्लामीकरण किए जाने का एक प्रयास है।