'कच्चा माल जाए और फिर हम रेडिमड खरीदें, ऐसा स्वीकार नहीं

Pratahkal    29-Jan-2025
Total Views |
modi
भुवनेश्वर (एजेंसी)। भारत से कच्चा माल विदेशों में जाए और फिर फिनिश होकर आए और हम उसे खरीदें, ऐसा स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्र.म. नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि अब तो यह ट्रेंड भी बदल रहा है, जो पहले था कि यहां से कच्चे माल का निर्यात होता था और फिर फिनिश आइटम हम खरीदा करते थे। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने को दो ही स्तंभ हैं। सर्विस सेक्टर में सुधार हो और नई चीजें लागू की जाएं। इसके अलावा हम क्वॉलिटी प्रोडक्ट्स तैयार करें। उत्कर्ष ओडिशा कॉनक्लेव का उद्घाटन करते हुए प्र.म. मोदी ने कहा कि देश की तेज ग्रोथ सिर्फ कच्चे माल के एक्सपोर्ट पर ही संभव नहीं है। हम पूरे इकोसिस्टम को ही बदलने में जुटे हैं। नए विजन के साथ काम करना है और अब फिनिश माल का एक्सपोर्ट भी हम ही करेंगे।
 
उन्होंने ओडिशा का ही जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय तक यहां से कच्चे लोहे का एक्सपोर्ट दूसरे देशों में होता रहा है। अब हमारी सरकार यह तय करने में जुटी है कि जिन संसाधनों की यहां उपलब्धता है, उससे जुड़े उद्योगो को यहां स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा, अब ट्रेंड भारत में बदल रहा है। यहां खनिजों का उत्पादन होता था और उन्हें दूसरे देशों में भेजा जाता था। वहां नए उत्पाद तैयार होते थे और फिर उन्हें फिनिश करके भारत भेजा जाता था। मोदी को ऐसा करना मंजूर नहीं है। भारत में लोहे के उत्पादन में ओडिशा अग्रणी राज्य है। पूरे भारत में होने वाले लौह उत्पादन में अकेले ओडिशा की ही जिम्मेदारी 51 फीसदी है।