मुंबई में मानसून ने दी दस्तक

Pratahkal    10-Jun-2024
Total Views |
mansoon 
 
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) में मानसून (Monsoon) ने दस्तक दे दी है। रविवार की सुबह मुंबई में मानसून की पहली बारिश हुई। मेगा सिटी के काफी इलाकों में भारी बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश से पारा नीचे आया है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दक्षिणी पश्चिम मानसून (south west monsoon) के मुंबई पहुंचने की तारीख पहले 11 जून थी, लेकिन मानसून ने 9 जून को ही मुंबई में दस्तक दे दी।
 
पालघर में धंस गई सड़क
 
बारिश के दौरान मुंबई मेट्रोपॉलिटन एरिया में पालघर में भारी बारिश के कारण पालघर जिले में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इसके बाद रविवार सुबह मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर चार घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि पाइपलाइन सहित मरम्मत कार्य जारी थे तभी भारी बारिश के कारण पालघर के मालजीपाड़ा इलाके में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। उन्होंने बताया कि इससे यातायात ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर आवाजाही बाधित हो गई। रविवार सुबह 5.30 बजे से जाम में फंसे कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या पर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।
 
महाराष्ट्र के दूसरे जिलों में बारिश
 
ठाणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर, सातारा और जलगांव सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में भी पिछले एक दिन में अच्छी बारिश हुई। रविवार सुबह 8.30 बजे समाप्त 24 घंटे की अवधि में मुंबई में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण मुंबई में स्थित कोलाबा वेधशाला, जहां राज्य सरकार के अधिकांश प्रशासनिक कार्यालय स्थित हैं, में 67 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास सांताक्रूज़ वेधशाला में इसी अवधि में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई। कोलाबा वेधशाला ने अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है।
 
36.4 डिग्री दर्ज किया तापमान
 
न्यूनतम तापमान में गिरावट से रात में तापमान कम होने का संकेत मिलता है। आईएमडी के अनुसार, सांताक्रूज़ वेधशाला में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, कृषि के लिहाज से महत्वपूर्ण जिलों जैसे सातारा में पिछले एक दिन में 91 मिमी, नासिक में 64 मिमी, अहमदनगर में 57 मिमी, छत्रपति संभाजीनगर में 51 मिमी और जलगांव में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ठाणे और पालघर जिलों में भी रात भर भारी बारिश हुई जिससे कुछ इलाकों में जल भराव हो गया।