गंगूकुण्ड में नहा रहे दो दोस्तों की डूबने से मौत

Pratahkal    01-Jun-2024
Total Views |

ganga kund 
 
उदयपुर. नगर संवाददाता| लेकसिटी (Lakecity) छोड़ने से पहले भीषण गर्मी (extreme heat) में राहत के लिए अपने दोस्त के साथ गंगु कुण्ड (Gangu Kund) पर नहाने गये दोनों युवकों की शुक्रवार दोपहर को पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों मृतकों को यह पता नहीं था कि कुण्ड कितना गहरा है। सिविल डिफेंस (civil defense) की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को दोनों बाहर निकाला।
 
जानकारी के अनुसार कपिल (32) पुत्र सुरेशचंद्र शर्मा निवासी मित्तल स्कूल के पास अलवर हाल केशव नगर उदयपुर (Udaipur) में रहकर काम करता था। यह शुक्रवार दोपहर को अपने मित्र गणेश (44) पुत्र अम्बालाल मेहरा निवासी पायड़ा के साथ शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे गंगुकुण्ड पर नहाने के लिए गया था, जहां नहाने के दौरान एक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर दूसरा बचाने गया तो वह भी डूब गया दोनों की मौत हो गई। गंगु कुण्ड में दो युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही भुपालपुरा थानाधिकारी मुकेश सोनी, एएसआई हरिसिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश सिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे उस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा थी। । गंगु कुंड के पास दो व्यक्तियों के कपड़े व आधार कार्ड पड़े हुए थे, जिन पर उनके नाम पते लिखे हुए थे जिससे कपिल शर्मा व गणेश मेहरा के रूप में पहचान हुई। दोनों के शव गहराई में चले जाने के कारण सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया गया। सिविल डिफेंस में गोताखोर दीपक वडेरा, नरेश चौधरी, प्रवीण सिंह, विष्णु राठौड़, सोहनलाल, कपिल सालवी और मुकेश सेन की टीम मौके पर पहुँची और जाते ही दोनों के शवों को तलाशने का काम शुरू कर दिया। सिविल डिफेंस की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों दोस्तों के शवों को बाहर निकाला और एमबी चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया। एएसआई हरि सिंह ने बताया कि कपिल शर्मा के शव का पोस्टमार्टम करवा उसके परिजनों को सौंप दिया। जबकि गणेश के शव को मुर्दाघर में रखवाया है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।
 
शहर छोड़कर गांव जाने वाले थे
 
मृतक कपिल की पत्नी ने बताया कि वह उदयपुर में एसबीआई एजेंट के रूप में काम करता था और उसने यह काम छोड़ दिया और शुक्रवार शाम को ही ये लोग उदयपुर छोड़कर अलवर जाने वाले थे। सारा सामान पैक कर लिया था और कपिल अपने मित्र से मिलने के बहाने निकला था।
 
गहरा है ये कुण्ड, बिना सुरक्षा नहाते है
 
आयड़ स्थित गंगु कुण्ड काफी गहरा है। इसे गंगाजी का चौथा पाया भी कहा जाता है। इस कुण्ड की गहराई का अंदाजा लगाना काफी मुश्किल है। इस कुण्ड में 12 महिनें पानी भरा रहता है और यहां पर नहाने के लिए काफी लोग आते हैं। जानकारी के अनुसार यहां पर आकर नहाने वाले अधिकांश बिना किसी सुरक्षा के नहाते है। जिन लोगों को यहां की गहराई का पता है वे तो पूरा ध्यान रखते है पर जो पहली बार आते है वे कुण्ड की गहराई को समझ नहीं पाते और हादसे का शिकार हो जाते है।
 
फतहसागर पर भी यही हालत है
 
जानकारी के अनसार फतहसागर झील (Fatehsagar Lake) पर भी यही हालत है। यहां पर प्रतिदिन सुबह सैंकड़ों की संख्या में शहरवासी नहाने आते है और कुछ तैरना सीखने आते है। यहां पर भी सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा जाता है और ना ही कोई किसी विभाग से प्रशिक्षित तैराक है, जिससे यहां पर भी कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
 
फव्वारे पर चढ़े युवकों से लिया जुर्माना
 
फतहसागर झील में कुछ युवक फव्वारे पर चढ़कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की जानकारी मिली तो उदयपुर विकास प्राधिकरण ने इन युवकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। टीम ने बोट से झील में स्वीमिंग कर रहे दो युवकों को पकड़ा और उनको झील के बीच में लगे फाउंटेन पर चढ़ने को लेकर फटकारा। बाद में टीम ने दोनों युवकों को पाबंद करते हुए 500-500 का जुर्माना लगाया।