बेटा-बेटी को बचाने मां हौद में कूदी, तीनों की मौत

बच्चों के साथ कपड़े धोने गई थी महिला, खेल-खेल में बेटा डूबा

Pratahkal    01-Jun-2024
Total Views |
well accident
 
जोधपुर (कास)। अपनी आंखों के सामने बेटा और बेटी को डूबते देख मां बचाने के लिए हौद में कूद गई। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना जोधपुर के पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र के बाड़ा खुर्द की शुक्रवार सुबह 10 बजे की है। दोनों बच्चे 10 दिन पहले ही अपनी मां के साथ नाना-नानी के यहां आए थे।
 
हादसे में संतोष कंवर (43) पत्नी गोविंद सिंह राजपुरोहित निवासी घेनडी जिला पाली, दिव्या कंवर (15) पुत्री गोविंद सिंह, हनी सिंह (12) पुत्र गोविंद सिंह की मौत हो गई। संतोष का पीहर बाड़ा खुर्द मे है। उसके पिता राजू सिंह के घर से 500 मीटर की दूरी पर ही उनका खेत आया हुआ है।
 
संतोष सुबह अपनी बेटी दिव्या और बेटे हनी सिंह को लेकर खेत में बने हौद पर कपड़े धोने गई थी। हनी हौद के पास ही खेल रहा था। तभी अचानक उसका पैर फिसला और वह हौद में गिर गया। भाई को डूबता देख उसे बचाने के लिए दिव्या भी कूद गई लेकिन वह भी डूबने लगी। दोनों बच्चों को डूबता देखा तो संतोष भी उन्हें बचाने के लिए हौद में कूदी और वह भी डूब गई।
 
जहां ये हादसा हुआ वहां से 500 मीटर की दूरी पर ही खेड़ी सालवा रेलवे स्टेशन है। हादसे के दौरान किशन सिंह नाम का युवक पास के ही खेत में काम कर रहा था। तीनों को डूबता देख व बचाओ-बचाओ की आवाज लगाते हुए स्टेशन पहुंचा। इसके बाद वहां मौजूद लोग घटना स्थल पर पहुंचे और तीनों को बाहर निकाला। तीनों को पीपाड़ शहर के हॉस्पिटल में लाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। इधर, घटना के बाद परिवार के लोगों को रो- रो कर बुरा हाल हो गया है।
 
ग्रामीण एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि महिला के पिता राजू सिंह का परिवार गांव में ही खेती करता है। महिला का ससुराल पाली जिले के घेनड़ी गांव में है।
 
इस हौद में 7 फीट की गहराई तक पानी भरा हुआ था। पति गोविंद सिंह की पाली जिले के खिवाड़ा में चाय की होटल चलाते है।