गहलोत के बाद पायलट, चौधरी और जोशी की भी बढ़ी हैसियत

राहुल की कोर टीम में मिली बड़ी जिम्मेदारी

Pratahkal    09-May-2024
Total Views |
Gehlot 
 
जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) में राजस्थान (Rajasthan) के कांग्रेसी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां दी जा रही है। सोमवार दोपहर को राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) को उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की अमेठी (Amethi) लोकसभा सीट का सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया था।
 
बाद में हरीश चौधरी (Harish Chaudhary) को भी पंजाब का स्पेशल ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया। मंगलवार को प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) और पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष रहे डॉ. सीपी जोशी (Dr. CP Joshi) भी लोकसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
 
कन्हैया कुमार की सीट के ऑब्जर्वर बने पायलट
 
पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को उत्तरी पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट का ऑब्जर्वर बनाया गया है। इस लोकसभा
सीट से कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) कांग्रेस (Congress) के प्रत्याशी हैं।
 
उत्तरी पूर्वी दिल्ली सीट से कन्हैया कुमार का मुकाबला भाजपा (BJP) के मनोज तिवाड़ी से होना है। दिल्ली के जातीय समीकरण को देखते हुए सचिन पायलट को इस सीट की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
 
रंधावा के राज्य में स्पेशल ऑब्जर्वर बने हरीश चौधरी
 
पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी को पंजाब का स्पेशल ऑब्जर्वर बनाया गया है। पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा चुनाव लड़ रहे हैं। हरीश चौधरी पंजाब कांग्रेस के प्रभारी रह चुके हैं। पंजाब कांग्रेस में भारी गुटबाजी बताई जा रही है। तालमेल बैठाने के लिए पंजाब के अनुभव के चलते चौधरी को पूरे राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
 
चांदनी चौक सीट का जिम्मा डॉ. सीपी जोशी को
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. सीपी जोशी को दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र का ऑब्जर्वर बनाया गया है। वे राजस्थान के भीलवाड़ा लोकसभा सीट से प्रत्याशी भी हैं जहां पर मतदान हो चुका है। डॉ. जोशी अब दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट का चुनावी मैनेजमेंट संभालेंगे।