कल अयोध्या में रोड शो करेंगे प्र.म. मोदी, रामलला के भी करेंगे दर्शन

Pratahkal    04-May-2024
Total Views |
Modi road show ayodhya
 
नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में चल रहे लोकसभा चुनाव (Loksabha elections 2024) के तीसरे फेज की वोटिंग (third phase voting) से पहले यानि की 5 मई को प्र.म. मोदी (PM Modi) अयोध्या (Road show Ayodhya) के दौरे पर जाएंगे। यहां पर वे फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के समर्थन में रोड शो करेंगे। इतना ही नहीं, वे राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे। प्र.म. मोदी के अयोध्या दौरे को यादगार बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
 
प्र.म. मोदी अयोध्या में करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस दौरान उन पर जगह-जगह पर फूल बरसाए जाएंगे। अयोध्या के लोग प्र.म. मोदी के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या के दौरे पर जा रहे हैं। इसके अलग ही सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि, वह इससे पहले भी कई बार अयोध्या के दौरे पर जा चुके हैं।
 
मोदी पहली बार अयोध्या साल 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान रैली करने 1 मई को माया बाजार आए थे। इसके बाद साल 2020 में 5 अगस्त को राम मंदिर के भूमि पूजन समारोह में शामिल हुए थे। 23 अक्टूबर साल 2022 को दीपोत्सव के मुख्य अतिथि रहे। 30 दिसंबर साल 2023 को रोड शो करने के साथ महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण कर जनसभा की थी। 22 जनवरी 2024 को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आए थे। अब छठी बार लोकसभा चुनाव के दौरान रोड शो करने आ रहे हैं और इस दौरान वह रामलला के दर्शन भी करेंगे।