बाइडेन ने भारत पर लगाया बडा आरोप

अब डैमेज कंट्रोल में अमेरिका; दे रहा रिश्तों दी दुहाई

Pratahkal    04-May-2024
Total Views |
Joe Biden
 
वाशिंगटन (एजेंसी)। राष्ट्रपति जो बाइडेन (President Joe Biden) द्वारा भारत (India) पर बड़ा आरोप लगाने के बाद अब अमेरिका डैमेज कंट्रोल मोड में है। दरअसल एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने जो बाइडेन ने कहा था कि भारत, जापान, रूस और चीन वे देश हैं जो विदेशियों से द्वेष रखते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका की तरह इनमें से कोई देश अप्रवासियों का स्वागत नहीं करता।
 
बाइडेन ने भारत को 'जेनोफोविक' कहा था। यहां 'जेनोफोबिक' का मतलब बाहरी लोगों के डर से था। यानी बाइडेन कहना चाह रहे थे कि भारत को बाहरी लोगों से डर लगता है इसलिए वह उन्हें अपने यहां पनाह नहीं देता है। अब अमेरिका ने इस बयान पर सफाई दी है। राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' ने रूस, चीन, भारत और जापान को 'विदेशियों से द्वेष रखने' वाला बताने संबंधी बाइडन के बयान का बचाव करते हुए कहा है कि अमेरिका अप्रवासियों का देश है और कोई अन्य देश अप्रवासियों का उस तरह स्वागत नहीं करता, जैसे अमेरिका करता है। गौरतलब है कि भारत और जापान 'क्वाड' के सदस्य हैं। इस चार सदस्यीय रणनीतिक समूह में अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया भी शामिल हैं।
 
रिश्तों की दुहाई दे रहा अमेरिका
'व्हाइट हाउस' की प्रेस सचिव कैरिन ज्यां-पियरे से जब बाइडन द्वारा बुधवार को एक कार्यक्रम में की गई इस टिप्पणी के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति एक "व्यापक बिंदु' पर बात कर रहे थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमारे सहयोगी और साथी बहुत अच्छी तरह जानते हैं कि राष्ट्रपति उनका कितना सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, उन्होंने (बाइडन ने) एक व्यापक बिंदु पर टिप्पणी की थी कि देश में अप्रवासियों का होना कितना जरूरी है और कैसे इनके कारण हमारा देश मजबूत बनता है। वह इस बारे में बात कर रहे थे। पियरे ने कहा, भारत और जापान के साथ निस्संदेह हमारे संबंध मजबूत हैं और यदि आप पिछले तीन वर्ष पर नजर डालें तो राष्ट्रपति ने इन राजनयिक संबंधों पर निश्चित ही ध्यान केंद्रित किया है।
 
क्या बोले थे जो बाइडेन
बाइडन ने चुनाव के लिए चंदा एकत्र करने के लिए बुधवार शाम को आयोजित कार्यक्रम में समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, यह चुनाव आजादी, अमेरिका और लोकतंत्र के बारे में है। इसलिए मुझे आपकी सख्त जरूरत है। आप जानते हैं, हमारी अर्थव्यवस्था बढ़ने का एक कारण आपकी और कई अन्य लोगों की वजह से है। क्यों? क्योंकि हम अप्रवासियों का स्वागत करते हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार बाइडन ने कहा, इसके बारे में सोचें। चीन आर्थिक रूप से इतनी बुरी तरह ठहर सा क्यों रहा है? जापान को क्यों परेशानी हो रही है? रूस क्यों है? भारत क्यों है ?